उत्तर प्रदेश

Banda: एसडीएम ने ट्रक जब्त किया, विधायक ने थप्पड़ से जताई नाराजगी

Admindelhi1
25 Jun 2025 9:54 AM IST
Banda: एसडीएम ने ट्रक जब्त किया, विधायक ने थप्पड़ से जताई नाराजगी
x

बांदा: जनपद में रविवार रात ओवरलोड ट्रकों को सीज किए जाने के बाद भारी हंगामा खड़ा हो गया। नरैनी एसडीएम अमित शुक्ला द्वारा मौरंग लदे दो ट्रकों को सीज किए जाने के बाद सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और एसडीएम से तीखी बहस हो गई।

घटना खुरहंड थाना क्षेत्र के पास की है, जहां एक निर्माणाधीन मंदिर के बाहर मौरंग उतारी जा रही थी। एसडीएम ने जब कागज न मिलने पर रात 10:30 बजे ट्रकों को सीज कर खुरहंड पुलिस चौकी में खड़ा कराया, तभी मामला गरमा गया। जानकारी मिलने पर भाजपा विधायक प्रकाश द्विवेदी ने एसडीएम को फोन किया, लेकिन जब फोन नहीं उठाया गया, तो वह रात करीब 11:30 बजे तीन-चार गाड़ियों के साथ पैगंबरपुर-जरर मार्ग पर पहुंच गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वहां विधायक के साथियों ने एसडीएम से न केवल अभद्रता की, बल्कि कथित तौर पर थप्पड़ भी मार दिया। इसके बाद विधायक और उनके समर्थक खुरहंड पुलिस चौकी पहुंचे और ट्रकों की चाबी मांगी। चाबी न देने पर चौकी इंचार्ज यज्ञ नारायण और अन्य पुलिसकर्मियों से भी झड़प हुई।

इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी एसडीएम के चालक कामता प्रसाद ने गिरवां थाने में दी। तहरीर में बताया गया कि छह गाड़ियों से पहुंचे विधायक समर्थकों ने पहले एसडीएम की गाड़ी को घेरकर लाठी-डंडों से हमला किया और गाड़ी को पलटाने की कोशिश की। मना करने पर एसडीएम से धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। चालक को भी सिर पर जैक की रॉड मारकर घायल कर दिया गया।

हालांकि, तहरीर में विधायक प्रकाश द्विवेदी का नाम शामिल नहीं किया गया है। ड्राइवर की शिकायत के आधार पर चार लोगों — ललित गुप्ता, आलोक सिंह, छोटकू द्विवेदी, बड़कू द्विवेदी — और 25-30 अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।

विधायक प्रकाश द्विवेदी ने मीडिया से बात करते हुए आरोपों से इनकार किया और कहा, “मैंने एसडीएम को दस बार फोन किया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। पुलिसकर्मी नशे में थे और अभद्रता कर रहे थे। मैंने किसी से कोई मारपीट नहीं की।”

विधायक ने यह भी कहा, “यदि अधिकारी निर्दोषों को मारेंगे तो मार खाएंगे, अगर गाली देंगे तो गाली खाएंगे। गुंडई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”

इस मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और नरैनी सीओ को जांच सौंपी गई है। एएसपी शिवराज ने बताया कि घटना को लेकर गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

घटना से प्रशासनिक अमले में हड़कंप मचा हुआ है और यह मुद्दा राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा का विषय बना हुआ है।

Next Story