- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Banda: पुरानी पेंशन...

बांदा: अटेवा-पेंशन बचाओ मंच के प्रदेश संयुक्त मंत्री वीरेंद्र पटेल के नेतृत्व में रविवार को बबेरू स्थित आवास पर सांसद कृष्णा देवी पटेल से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान कर्मचारियों ने "पुरानी पेंशन हमारा अधिकार है" के नारे लगाए।
ज्ञापन में कहा गया कि नई पेंशन योजना (एनपीएस) कर्मचारियों के भविष्य के लिए घातक है, जिससे लाखों कर्मचारियों और शिक्षकों की आर्थिक सुरक्षा खतरे में है। मंच ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार पुरानी पेंशन बहाली में हीलाहवाली कर रही है।
राज्यव्यापी आंदोलन की चेतावनी: अटेवा ने सरकार को चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो राज्यव्यापी आंदोलन किया जाएगा। मंच ने सभी कर्मचारियों से इस संघर्ष को मजबूत करने की अपील भी की।
ज्ञापन सौंपने के बाद पदाधिकारियों ने कहा कि अटेवा को संसद में इस मुद्दे के उठने का इंतजार है, जिससे उनकी लड़ाई को और मजबूती मिल सके। इस पर सांसद कृष्णा देवी पटेल ने कर्मचारियों की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए भरोसा दिलाया कि वह इस विषय को संसद में मजबूती से उठाएंगी। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।
पहली अप्रैल को अटेवा मनाएगा काला दिवस: अटेवा-पेंशन बचाओ मंच के प्रदेश संयुक्त मंत्री ने बताया कि एनपीएस और निजीकरण के खिलाफ देशभर में आंदोलन जारी है। आगामी पहली मई को जंतर-मंतर, नई दिल्ली में विशाल धरना प्रदर्शन होगा।
जिला संयोजक अनूप सिंह ने कहा कि एनपीएस न सिर्फ कर्मचारियों, बल्कि देश के लिए भी घातक है। महासचिव जयनारायण श्रीवास ने जानकारी दी कि 15 मार्च से देशभर में पेंशन जागरूकता अभियान शुरू होगा। वहीं, जिला प्रवक्ता जेपी सिंह ने बताया कि अगले महीने 1 अप्रैल को अटेवा "काला दिवस" मनाकर पुरानी पेंशन बहाली की मांग को और तेज करेगा।





