उत्तर प्रदेश

Banda: खिड़की से घर में घुसता था नाबालिग, माता-पिता करते थे रेकी

Admindelhi1
13 Sept 2026 12:29 PM IST
Banda: खिड़की से घर में घुसता था नाबालिग, माता-पिता करते थे रेकी
x
चोरी के लिए बेटे का इस्तेमाल करते थे पति-पत्नी

बांदा: उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में तिंदवारी थाना पुलिस ने चार घरों में हुई चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है, जबकि उनके नाबालिग पुत्र को संरक्षण में लिया गया है। पुलिस के अनुसार, यह परिवार बेहद अनोखे तरीके से चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। पति-पत्नी पहले घूम-घूमकर घरों की रेकी करते थे और जिस मकान में कोई नहीं मिलता था, उसकी खिड़की काटकर अपने नाबालिग बेटे को अंदर भेज देते थे। बच्चा घर के अंदर से सामान समेटता था, जबकि पति-पत्नी बाहर रहकर निगरानी करते थे।

पुलिस के मुताबिक, तिंदवारी क्षेत्र के गुजरतिया, शिवप्रसाद, जगप्रसाद और दुर्गेश के घरों में हुई चोरी की घटनाओं की सूचना मिलने पर मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 11/12 सितंबर की रात आरोपियों हमीद पुत्र वहीद व नर्गिस पत्नी हमीद निवासी मोहल्ला भगवती नगर कस्बा व थाना तिंदवारी जनपद बांदा को पपरेंदा रोड पर पीएचसी तिंदवारी के पास से गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से करीब 20 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और 54,100 रुपये नकद बरामद किए गए।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे एक ही परिवार के सदस्य हैं और घूम-घूमकर ऐसे मकानों की रेकी करते थे, जहां लोग मौजूद नहीं होते थे। इसके बाद खिड़की या दरवाजा तोड़कर नाबालिग बच्चे को अंदर भेजते और बाहर पति-पत्नी निगरानी करते थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस परिवार ने तिंदवारी और आसपास के क्षेत्रों में और कितनी चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है। साथ ही आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।

इस सम्बन्ध में अपर पुलिस अधीक्षक बांदा शिवराज ने बताया कि थाना तिन्दवारी पुलिस द्वारा चोरियों का सफल अनावरण करते हुए दो अभियुक्तों( पति- पत्नी ) को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही एक बाल अपचारी को संरक्षण में लिया गया। अभियुक्तों के कब्जे से लगभग 20 लाख रुपये के आभूषण व 54100 नकद रुपये बरामद हुए। अभियुक्तों द्वारा रेकी कर सुनियोजित तरीके से चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया जाता था।

Next Story