उत्तर प्रदेश

Banda: डीएम की फर्जी फेसबुक प्रोफाइल बनाकर लोगों से रुपये मांगने वाला पकड़ा गया

Admindelhi1
2 Sept 2026 9:19 AM IST
Banda: डीएम की फर्जी फेसबुक प्रोफाइल बनाकर लोगों से रुपये मांगने वाला पकड़ा गया
x
अधिकारियों के नाम से फर्जी सोशल मीडिया आईडी बनाकर मांगता था रुपये, आरोपी गिरफ्तार

बांदा: उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में जिलाधिकारी अमित आसेरी की फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर लोगों से रुपये मांगने वाले एक आरोपित को थाना कोतवाली नगर पुलिस और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया है । आरोपित अधिकारियों के नाम से फर्जी सोशल मीडिया आईडी बनाकर लोगों से रुपये मांगने का काम करता था।

अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) शिवराज ने बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने जिलाधिकारी अमित आसेरी के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर लोगों से रुपये की मांग की थी। मामले की जानकारी मिलने पर थाना कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद कोतवाली नगर पुलिस, साइबर सेल, सर्विलांस सेल और तकनीकी टीम ने संयुक्त रूप से मामले की जांच शुरू की। डिजिटल साक्ष्यों, सोशल मीडिया गतिविधियों और अन्य तकनीकी इनपुट के आधार पर पुलिस ने आरोपित की पहचान की। पुलिस ने मंगलवार काे आराेपित राजस्थान के ग्राम मानकी सादिकावास निवासी मुस्ताक काे बांदा के मवई बाईपास क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपित ने अपना जुर्म स्वीकार किया है।

एएसपी ने बताया कि आरोपित ने अपना जुर्म स्वीकारते हुए बताया कि वह अधिकारियों के नाम से फर्जी सोशल मीडिया आईडी बनाकर लोगों से रुपये मांगता था। वह रुपये लेने के लिए बांदा आया था, तभी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपित के कब्जे से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायालय भेज दिया।

Next Story