उत्तर प्रदेश

ग्रामोदय मेले में महिलाओं को लुभा रहे बांस के आभूषण

Admin4
11 Oct 2022 4:38 PM GMT
ग्रामोदय मेले में महिलाओं को लुभा रहे बांस के आभूषण
x
चित्रकूट: चित्रकूट ग्रामोदय मेले में बांस से बने आभूषण महिलाओं के बीच आकर्षण का केन्द्र बन गए हैं। संध्या वर्मा सतना से बांस के आभूषण लेकर ग्रामोदय मेले में आई हैं। उनके स्टाॅल पर बांस से निर्मित फर्नीचर और सजावटी सामग्री भी उपलब्ध है, लेकिन सबसे अधिक आकर्षण का केंद्र बांस से बने हार, बाली, झुमके, अंगूठी और कंगन हैं। मेले में गांव से आईं महिलाएं ही नहीं, बल्कि देशभर से आईं अन्य महिलाएं भी बांस के आभूषण खरीदतीं दिखाई दीं। स्टाॅल संचालक संध्या वर्मा ने बताया कि बांस का फर्नीचर और सजावटी सामान बहुत लोग बना रहे हैं, लेकिन बांस के आभूषण बनाने का काम काफी कम लोग कर रहे हैं। यही वजह है कि जितनी इनकी मांग है, उस हिसाब से उपलब्धता नहीं हो पाती है। सस्ते और सुंदर होने के कारण भी बांस के आभूषणों को अधिक पसंद किया जा रहा है। आधुनिक समय में यह कला काफी लोकप्रिय हो रही है। संध्या वर्मा ने बताया कि बांस के आभूषण बनाने के लिए अधिक लागत नहीं लगती है। हमारे समूह में पांच से दस लोग हैं, जो बांस के आभूषण बनाने में पारंगत हैं। उन्होंने बताया कि उन्होंने यह कला अपने पिताजी कैलाश वर्मा से सीखी है। वे बांस से निर्मित मकान भी तैयार कर रहे हैं। 50 रुपये में खरीदे गए एक बांस से आभूषण बनाकर पांच हजार रूपये तक कमाए जा सकते हैं। इस काम में नुकसान की आशंका नहीं होती है। कम प्रचार के कारण अभी इस तरह के आभूषणों का निर्माण ज्यादा नहीं हो पा रहा है। लेकिन, भविष्य में यह काम बढ़ेगा, इसकी उम्मीद है।

Next Story