- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Balrampur: लाभार्थियों...
Balrampur: लाभार्थियों तक पहुँच रही सरकारी योजनाओं की रफ्तार: योगी

बलरामपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नए भारत का दर्शन हो रहा है बिना भेदभाव के सभी को कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। लेकिन कुछ तत्व ऐसे भी हैं जिन्हें विकास अच्छा नहीं लगता। उत्सव के समय अराजकता पैदा करना चाहते हैं। उन्हें मैं कहना चाहूंगा कि विकास में बाधक बनोगे तो उनके लिए विनाश का कारण बन जाएगा। भारत की धरती पर गजवा हिंद स्वीकार नहीं। उक्त संबोधन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बलरामपुर में 825 करोड़ की परियोजनाओं का सौगात देते हुए कही।
सीएम ने कहा कि वह लोग अपनी गलतफहमी दूर कर लें जो सपा व कांग्रेस की सरकार के समय दंगा करते थे तो सरकार उनकी आव-भगत करती थी। अब डबल इंजन की सरकार है यदि कहीं उपद्रव करने का प्रयास किया तो यह रास्ता सीधे उन्हें नर्क पहुंचा देगा। गजवा हिंद का नारा देकर भारत विरोधी कार्य करने वालों भारत की धरती पर यह नहीं चलेगा । यदि किसी को जहन्नुम में जाना हो तो गजवा ए हिंद की बात करेंगे। कहा कि ऐसे लोग जो हिंदुस्तान में रहकर भारत विरोधी कार्यों में लिप्त हैं उनसे सजग रहना होगा। समय-समय पर प्रशासन को अवगत कराना होगा। लातों के भूत बातों से नहीं मानते । सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है। हमारी संवेदना गरीबों के लिए है, बहन बेटियों के लिए है, व्यापारियों के लिए है।
बरेली की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि जिनके हाथों में कलम होना चाहिए, उनके हाथों में आई लव मोहम्मद की तख्तियां पकड़ा कर उपद्रव करने का प्रयास किया गया,प्रदेश में अराजकता स्वीकार नहीं। जो भी कानून को हाथ में लेगा उन्हें बिना मांगे जहन्नुम का टिकट काटकर दिया जाएगा । ड्रोन के नाम पर तो कभी चोरी के नाम पर अफवाह फैलाई जा रहा है ऐसे लोगों पर गैंगस्टर की कार्रवाई होगी। मंच से जन जागरूकता की अपील करते हुए कहा कि यदि कोई भय- दहशत का माहौल कर रहा है तो पहले समझाएं नहीं माने तो पुलिस उनका इलाज करेगी।
कहा कि शिक्षा को बढ़ावा देने के हर मंडल में विश्वविद्यालय दिया गया है। सीएम योगी ने बलरामपुर के घुघुलपुर में राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज का उद्घाटन करते हुए जनपदवासियों को 825.29 करोड़ की 124 परियोजनाओं की सौगात दी। सीएम ने 17 फरवरी 2020 में राजकीय पॉलीटेक्निक के भवन का निर्माण कार्य का शिलान्यास किया था। 2029.00 लाख रुपये खर्च कर यह कार्य पूरा हुआ है। सीएम योगी दो दिवसीय भ्रमण पर कल शनिवार को देवीपाटन मंदिर पहुंचे थे। देवीपाटन मंदिर में रात्रि विश्राम किया। आज सुबह मां पाटेश्वरी जी के दर्शन पूजन कर बलरामपुर पहुंचे, बलरामपुर में जनपद वासियों को कई योजनाओं की सौगात दी। इस दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सीएम के द्वारा चेक भी दिया गया। बलरामपुर के विकास पर आधारित एक लघु फिल्म भी देखी गई।
सीएम ने नागरिकों का किया आह्वान- विकसित यूपी के लिए दें अपना सुझाव,सीएम ने कहा कि विकसित उत्तर प्रदेश के अभियान को बढ़ाया गया है। सीएम ने नागरिकों का भी आह्वान किया कि समर्थ उत्तर प्रदेश पोर्टल पर क्यूआर कोड को स्कैन करते हुए यूपी को विकसित बनाने के लिए शार्ट, मीडियम, लांग टर्म के लिए अपना सुझाव दीजिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकार एक जिला, एक माफिया देती थी। हमारी सरकार एक जिला-एक उत्पाद, एक जिला-एक मेडिकल कॉलेज का निर्माण करा रही है। बलरामपुर में मेडिकल कॉलेज का कार्य अंतिम चरण में चल रहा है। श्रावस्ती में महात्मा बुद्ध के नाम पर एयरपोर्ट का निर्माण युद्ध स्तर पर चल रहा है। बोले कि 8 वर्ष पहले सड़क मार्ग से अयोध्या-लखनऊ जाने में घंटों लगते थे। आज तीन घंटे में बलरामपुर से लखनऊ और दो घंटे से भी कम समय में अयोध्या, ढाई घंटे में गोरखपुर जा सकते थे। सीएम ने रेलवे के सुधार व अपग्रेडेशन की चर्चा करते हुए कहा कि इसमें नित सुधार हो रहा है। नई-नई सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं।
देवीपाटन मंडल में तीन मेडिकल कॉलेज (गोंडा, बहराइच व बलरामपुर) का निर्माण हो रहा है। आने वाले समय में इस मंडल को स्पोट्रस कॉलेज देने जा रहे हैं। यह सरकार के विकास की योजना है, जिससे प्रति व्यक्ति आय को बढ़ाया जा सके और आकांक्षात्मक से उठकर बलरामपुर भी विकसित जनपद के रूप में नाम दर्ज कर सके। इस दौरान बलरामपुर विधायक बलरामपुर सदर पल्टूराम, विधायक उतरौला रामप्रताप वर्मा , विधायक तुलसीपुर कैलाश नाथ शुक्ल, विधान परिषद सदस्य अवधेश कुमार सिंह 'मंजू', साकेत मिश्र, जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री आरती तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मिश्र, पूर्व विधायक शैलेष कुमार सिंह शैलू, आयुक्त देवीपाटन मंडल शशिभूषण लाल सुशील, डीएम पवन अग्रवाल, सीडीओ हिमांशु गुप्ता , नगर पालिका अध्यक्ष बलरामपुर धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू व अन्य जनप्रतिनिधिगण आदि मौजूद रहे।





