- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Balrampur: फर्जी...
Balrampur: फर्जी प्रमाण पत्र बनाने वाले गैंग का पर्दाफाश

बलरामपुर: पुलिस ने नेपाल सीमा से सटे संवेदनशील जिले में फर्जी आधार कार्ड, जाति, जन्म और निवास प्रमाण पत्र बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस गैंग के 11 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है और उनके पास से लैपटॉप व अन्य तकनीकी उपकरण बरामद किए गए हैं। गिरोह में सिद्धार्थनगर जिले का एक शिक्षामित्र भी शामिल है, जिसे विद्यार्थियों के आधार अपडेट करने के लिए मिली आईडी-पासवर्ड का दुरुपयोग करते हुए पकड़ा गया है।
फर्जीवाड़े का खुलासा ऐसे हुआ
हरैया सतघरवा थाना क्षेत्र के भड़सहिया गांव में स्थित पाठक जनसेवा केंद्र में फर्जी आधार कार्ड बनाए जाने की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने छानबीन करवाई। जांच में पता चला कि केंद्र संचालक दिनेश पाठक फर्जी दस्तावेजों पर आधार और अन्य प्रमाण पत्र बना रहा था। चूंकि क्षेत्र नेपाल सीमा से सटा हुआ है, इसलिए पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया और कई जिलों में इस फर्जीवाड़ा गैंग के नेटवर्क का खुलासा हुआ।
गिरोह ऐसे करता था फर्जी प्रमाण पत्र तैयार
एसपी ने बताया कि सिद्धार्थनगर जिले के शिक्षामित्र महेंद्र मिश्र को विद्यार्थियों के आधार अपडेट करने के लिए विभाग से आईडी मिली थी, लेकिन इसका इस्तेमाल फर्जी आधार बनाने में किया जा रहा था। उसका सहयोगी गिरजेश चौधरी पैसों की वसूली का काम करता था। पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह ने पूरा सिस्टम ही खरीद रखा था और इसके जरिए वे बिना वैध दस्तावेज लिए ही प्रमाण पत्र बना देते थे।
तकनीकी हेरफेर से आधार डेटा में करते थे बदलाव
गिरोह के सदस्य सिलिकॉन फिंगर इम्प्रेशन और आइरिस स्कैनर का इस्तेमाल कर सरकारी वेबसाइट में ओटीपी ऑपरेटर के नाम से लॉग-इन करते थे। फिर एनीडेस्क सॉफ्टवेयर की मदद से सिस्टम को एक्सेस कर एक्सपर्ट के जरिए आधार अपडेशन और नए आधार कार्ड तैयार कर देते थे। इसमें "नेटिव" नामक एप्लीकेशन का उपयोग कर फर्जी डेटा को अपडेट कर नया आधार कार्ड तैयार किया जाता था।
तीन मुकदमे दर्ज, 11 लोग गिरफ्तार
जांच के बाद पुलिस ने तीन एफआईआर दर्ज की और 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पहला मामला
हरैया सतघरवा थाने के प्रभारी निरीक्षक अभिषेक सिंह ने मुकदमा दर्ज कर
हरैया निवासी सिद्धार्थ सरोज, मिथुन तिवारी, रमेश तिवारी
सिद्धार्थनगर निवासी गिरजेश चौधरी और महेंद्र मिश्र को गिरफ्तार किया।
दूसरा मामला
दिनेश पाठक और प्रदीप पाठक (निवासी पदुमचक्की भितवरिया, थाना हरैया, बलरामपुर)
सिद्धार्थनगर के संतोष गुप्ता और सुनील यादव को पकड़ा गया।
तीसरा मामला
हरैया थाना क्षेत्र के गुलरिहा हिसामपुर के विनोद गिरि को एसओजी टीम ने गिरफ्तार किया।
अभी और गिरफ्तारी हो सकती है
एसपी ने बताया कि आधार प्राधिकरण से पूरी डिटेल मांगी गई है। जांच के बाद अन्य दोषियों की भी गिरफ्तारी होगी। इस फर्जीवाड़े में सिर्फ बलरामपुर और सिद्धार्थनगर ही नहीं, बल्कि अन्य जिलों में भी गैंग सक्रिय है। पुलिस इनपर शिकंजा कसने की तैयारी कर रही है।





