उत्तर प्रदेश

Balrampur: तेज रफ्तार कार की टक्कर से ई-रिक्शा सवार की मौत हुई

Admindelhi1
3 March 2025 11:33 AM IST
Balrampur: तेज रफ्तार कार की टक्कर से ई-रिक्शा सवार की मौत हुई
x
"घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया"

बलरामपुर: गोंडा-उतरौला मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार कार ने एक ई-रिक्शा को टक्कर मार दी, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।

फल मंडी जाते समय हुआ हादसा

थाना कोतवाली उतरौला क्षेत्र के ग्राम पिपरा रामचंदर में यह हादसा रविवार सुबह हुआ। ब्लॉक श्रीदत्तगंज क्षेत्र के ग्राम पटियाला ग्रिंट, मजरा नबीडीह के निवासी मुजीबुर्रहमान (42) पुत्र हाफिज अली, जो फल व्यापारी थे, अपने भाई घिराऊ के ई-रिक्शा से फल मंडी जा रहे थे। उनके साथ गांव के ऐनुल्लाह पुत्र आशिक अली और अख्तर अली पुत्र अकबर अली भी सवार थे।

छोटी पुलिया के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार एक्सयूवी कार ने ई-रिक्शा में जबरदस्त टक्कर मार दी, जिससे ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए और सभी सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।

इलाज के दौरान मौत, गांव में शोक की लहर

राहगीरों ने घायलों को महदेईया बाजार के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद मुजीबुर्रहमान को गोंडा रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही गांव में कोहराम मच गया।

मुजीबुर्रहमान के परिवार में उनकी पत्नी, तीन बेटियां और तीन बेटे हैं। उनका एक बेटा दूसरे प्रदेश में मजदूरी करता है, जबकि एक बेटी की शादी हो चुकी है। रमजान के पहले दिन की खुशी मातम में बदल गई। सुबह सेहरी करने के बाद वे फल मंडी के लिए निकले थे, परिजनों को क्या पता था कि यह उनकी आखिरी यात्रा होगी।

प्रभारी निरीक्षक कोतवाली उतरौला अवधेश राज ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है, लेकिन पुलिस जांच कर रही है।

Next Story