- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Ballia: हिरासत में...
Ballia: हिरासत में युवक ने गला काटकर की खुदकुशी की कोशिश

बलिया: नरही थाना क्षेत्र में पुलिस हिरासत के दौरान एक युवक ने खुद का गला काटकर आत्महत्या का प्रयास किया, जिससे थाने में हड़कंप मच गया। घायल अवस्था में उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस के अनुसार युवक की स्थिति फिलहाल स्थिर है।
जानकारी के अनुसार, नरही थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने अपनी नाबालिग बेटी के अपहरण का मामला अज्ञात युवक के खिलाफ दर्ज कराया था। किशोरी की बरामदगी के बाद उसके बयान में गांव के ही दूसरे समुदाय के एक युवक पर अपहरण का आरोप लगाया गया। पुलिस ने युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में लेकर थाने बुलाया था। रविवार को अवकाश होने के कारण किशोरी का मेडिकल परीक्षण नहीं हो सका, जिससे आगे की कार्रवाई लंबित थी।
इसी बीच, थाना प्रभारी नदीम फरीदी जब जवानों और अधिकारियों के साथ बैठक में व्यस्त थे, तभी आरोपी युवक ने कार्रवाई के डर से किसी नुकीले वस्तु से अपना गला रेत लिया। पहरे पर तैनात पुलिसकर्मी ने जब खून देखा तो शोर मचाया, जिसके बाद सभी पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और घायल युवक को तुरंत सीएचसी पहुंचाया गया।
इस मामले में अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) कृपाशंकर ने बताया कि आरोपी युवक को धारा 137(2) के तहत पूछताछ के लिए थाने लाया गया था। उसी दौरान उसने खुद को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। फिलहाल उसका इलाज जिला अस्पताल में जारी है और उसकी हालत खतरे से बाहर है।





