उत्तर प्रदेश

Ballia: नाबालिग को भगाने वाला युवक गिरफ्तार

Admindelhi1
3 Jun 2025 11:08 AM IST
Ballia: नाबालिग को भगाने वाला युवक गिरफ्तार
x
"पुलिस ने कोर्ट में भेजा चालान"

बलिया: सहतवार थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।

मामला 25 मई 2025 का है, जब सहतवार थाना क्षेत्र की एक महिला ने तहरीर देकर शिकायत की थी कि उसकी 15 वर्षीय पुत्री को गांव का ही प्रेम कुमार राम उर्फ आनंद राम बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। आरोपी की उम्र 26 वर्ष है और वह बरियारपुर गांव का निवासी है।

महिला की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया था। इसके बाद आरोपी फरार चल रहा था।

2 जून को उपनिरीक्षक नितेश कुमार गुप्ता को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी अपने घर के पास मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे बरियारपुर स्थित उसके घर के सामने से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय में चालान पेश कर दिया।

Next Story