- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Ballia: पिकअप की टक्कर...

बलिया: सहतवार थाना क्षेत्र के बिसौली-सुवरहा मार्ग पर स्थित पॉलिटेक्निक के पास शुक्रवार देर शाम एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान हसनपुर निवासी राम गोविंद यादव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, 17 मई को ही उनका तिलक समारोह प्रस्तावित था और घर में शादी की तैयारियाँ जोरों पर थीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, राम गोविंद यादव अपने साथी नीतीश यादव के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे पॉलिटेक्निक के पास पहुंचे, सामने से आ रही पिकअप ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने राम गोविंद को मृत घोषित कर दिया। घायल नीतीश यादव का उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही राम गोविंद के घर में मातम छा गया। शादी की खुशियाँ पलभर में गम में बदल गईं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।





