- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Ballia: कोपागंज थाना...
Ballia: कोपागंज थाना क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसे में गई युवक की जान

बलिया: मऊ जिले के कोपागंज थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में बलिया के बेल्थरा रोड स्थित इमिलिया गांव के 26 वर्षीय मनोज प्रजापति की मौत हो गई। मनोज दुबई में काम करते थे और अपनी बहन की शादी में शामिल होने के लिए 18 फरवरी को भारत लौटे थे।
यह हादसा उस वक्त हुआ जब मनोज अपने दोस्त दीपक के साथ बाइक से एक शादी समारोह में जा रहे थे। कोपागंज के इंदारा स्थित मुहम्मद अली इंटर कॉलेज के पास सामने से आ रही एक अन्य बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में मनोज समेत चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को तत्काल मऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान मनोज ने दम तोड़ दिया। मनोज अपने परिवार में दो भाइयों में छोटे थे और उनकी चार बहनें थीं। उनकी दूसरी बहन गायत्री की शादी 20 फरवरी को तय थी, लेकिन इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे शोक में डाल दिया।
मनोज का बड़ा भाई राजू दोनों पैरों से दिव्यांग है, और परिवार की पूरी जिम्मेदारी मनोज के कंधों पर थी। अब परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य नहीं रहा, जिससे घर की आर्थिक स्थिति गंभीर संकट में आ गई है। सोमवार को परिवार मनोज के पार्थिव शरीर के आने का इंतजार कर रहा था।
इस कठिन समय में सभासद नैय्यर अहमद और समाजसेवी निलेश दीपू परिवार की सहायता के लिए आगे आए हैं। यह हादसा न केवल एक परिवार के लिए अपूरणीय क्षति बनकर आया, बल्कि पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।





