- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Ballia: बाइक दुर्घटना...

बलिया: बैरिया थाना क्षेत्र के कुंवर टोली में गुरुवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां मोटरसाइकिल सवार 37 वर्षीय युवक असंतुलित होकर गहरे गड्ढे में गिर गया और डूबने से उसकी मौत हो गई। इस दुर्घटना में बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत युवक और बाइक को गड्ढे से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। इसके बावजूद, परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घर लौटते समय हुआ हादसा
मृतक संदीप कुंवर (पुत्र कामेश्वर कुंवर) गुरुवार रात करीब 10:30 बजे बैरिया बाजार से सामान लेकर अपने घर लौट रहे थे। घर के पास पहुंचते ही उनकी बाइक असंतुलित होकर गहरे गड्ढे में गिर गई। गड्ढे में 10 फीट से अधिक पानी भरा था और इसकी गहराई लगभग 30 फीट बताई जा रही है, जिसमें डूबने से संदीप की मौत हो गई।
अविवाहित थे संदीप, पहले ही हो चुकी थी पिता की मृत्यु
संदीप अविवाहित थे और उनके पिता का पहले ही निधन हो चुका था। उनकी अचानक मौत से परिवार और पूरे मोहल्ले में मातम पसर गया।
नगर पंचायत के खिलाफ तहरीर, जांच जारी
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। प्रभारी कोतवाल सुशील कुमार दुबे ने बताया कि मृतक के चचेरे भाई मुकेश कुंवर ने नगर पंचायत बैरिया के खिलाफ तहरीर दी है। मामले की जांच जारी है, और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।





