- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Ballia: विधवा के घर...

बलिया: सहतवार थाना क्षेत्र के ग्राम दुधौला खुर्द (मिल्की टोला) में उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक का शव फंदे से लटका हुआ मिला। मृतक की पहचान संजय यादव (45) पुत्र मननिका यादव के रूप में हुई है। वह गांव की एक विधवा महिला सुनैना देवी के घर दूध लेने गया था, लेकिन काफी देर तक बाहर नहीं आया।
महिला ने जब आवाज दी और दरवाजा नहीं खुला तो शोर मचाया। आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। सूचना मिलने पर सहतवार पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई, जहां संजय यादव का शव फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला।
पुलिस ने तत्काल उसे फंदे से उतारकर सोनवानी अस्पताल पहुंचाया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
थाना प्रभारी ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों से पूछताछ कर रही है।
घटना के बाद संजय के घर में कोहराम मच गया है। आत्महत्या के कारणों का अभी तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है, पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।





