उत्तर प्रदेश

Ballia: संस्कारवान नई पीढ़ी के निर्माण के लिए कार्यशाला

Admindelhi1
3 Jun 2025 11:18 AM IST
Ballia: संस्कारवान नई पीढ़ी के निर्माण के लिए कार्यशाला
x
गर्भवती महिलाओं को दिए गए उपयोगी सुझाव

बलिया: बेल्थरारोड,बलिया. गायत्री परिवार की ओर से आओ गढ़ें संस्कारवान पीढ़ी अभियान के अंतर्गत सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सीयर में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य भावी पीढ़ी को संस्कारयुक्त और नैतिक मूल्यों से समृद्ध बनाने के लिए गर्भवती महिलाओं को जागरूक करना था।

कार्यशाला का शुभारंभ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डा. राकेश सिंह और महिला चिकित्सक डा. पूजा सिंह द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। मुख्य वक्ता के रूप में गायत्री शक्तिपीठ महावीर घाट गंगा जी मार्ग बलिया से पधारीं जिला समन्वयक कंचन चतुर्वेदी ने गर्भोत्सव संस्कार पर विस्तार से चर्चा की।

उन्होंने बताया कि गर्भवती महिलाओं के आचरण, दिनचर्या, आहार और मानसिक स्थिति का गहरा प्रभाव भावी संतान के संस्कारों पर पड़ता है। उन्होंने गर्भवती महिलाओं को संतुलित जीवनशैली अपनाने, सकारात्मक सोच बनाए रखने और नियमित रूप से आध्यात्मिक गतिविधियों में सहभागी बनने की सलाह दी।

कार्यक्रम में एआरओ अरविंद कुमार यादव, डब्ल्यूएचओ मॉनीटर मनोज कुमार यादव, चीफ फार्मासिस्ट डॉ. अरविंद गुप्ता, पर्यवेक्षक प्रमोद व विष्णु प्रकाश दूबे, मोहन मद्धेशिया, अभिनय शरण यादव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।कार्यशाला के अंत में प्रतिभागियों को प्रेरणादायी साहित्य भी वितरित किया गया और आगे भी इस प्रकार की गतिविधियों के आयोजन की बात कही गई।

Next Story