- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Ballia: समर कैंप में...
Ballia: समर कैंप में महिला इंस्पेक्टरों ने बच्चों को साइबर सुरक्षा की शिक्षा दी

बलिया: परिषदीय स्कूलों में चल रहे समर कैंप के तहत बच्चों के सर्वांगीण विकास और सामाजिक जागरूकता के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में बुधवार को बैरिया ब्लॉक के कम्पोजिट विद्यालय भीखाछपरा में महिला पुलिस निरीक्षक कीर्ति त्रिपाठी और जया गोस्वामी ने छात्र-छात्राओं को कानून, साइबर अपराध, नशा मुक्ति और सड़क सुरक्षा के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी।
कानून और सुरक्षा को लेकर दी गई अहम जानकारी
महिला निरीक्षकों ने बच्चों को बताया कि कानून की बुनियादी समझ बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण के लिए जरूरी है। उन्होंने कहा कि किसी भी संकट की स्थिति में 112 नंबर पर कॉल करके तत्काल पुलिस सहायता प्राप्त की जा सकती है।
बच्चों को यह भी बताया गया कि एफआईआर कैसे दर्ज कराई जाती है, पुलिस के साथ कैसा व्यवहार करना चाहिए और सड़क हादसों में घायलों की मदद कैसे की जा सकती है।
साइबर क्राइम पर विशेष सत्र
कार्यक्रम का मुख्य फोकस साइबर अपराध पर रहा। बच्चों को बताया गया कि सोशल मीडिया और कई अनाधिकृत एप्लिकेशन के माध्यम से अपराध बढ़ रहे हैं।
फोटो एडिटिंग, गेमिंग और अनजान नंबर से वीडियो कॉल जैसी गतिविधियाँ असुरक्षित हो सकती हैं।
बच्चों को सतर्क रहने, अनधिकृत ऐप्स हटाने और अज्ञात कॉल्स न उठाने की सलाह दी गई। साथ ही बताया गया कि यदि कोई साइबर ठगी होती है तो टोल फ्री नंबर 1930 पर कॉल करें या नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर सकते हैं।
बच्चों की जिज्ञासाओं का समाधान
छात्र-छात्राओं ने साइबर अपराध से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनके जवाब निरीक्षक कीर्ति त्रिपाठी ने सरल और स्पष्ट ढंग से दिए।
बच्चों द्वारा साइबर क्राइम के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए बनाई गई कलाकृतियों और प्रार्थना पत्रों का अवलोकन कर उनकी मेहनत की सराहना की गई।
कार्यक्रम में अभिभावकों की भी रही सहभागिता
इस अवसर पर समर कैंप के संचालक श्यामनन्दन मिश्र, पंकज, आंगनबाड़ी कार्यकत्री आशा पासवान, मीरा देवी, और कई अभिभावक भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम ने न केवल बच्चों को जागरूक किया, बल्कि उन्हें सशक्त और सतर्क नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित भी किया।
यह आयोजन बच्चों को न सिर्फ शिक्षा के पारंपरिक दायरे से बाहर निकलने का अवसर दे रहा है, बल्कि उन्हें जीवन की जरूरी सुरक्षा और सतर्कता से भी परिचित करा रहा है।





