उत्तर प्रदेश

Ballia: ऑटो का इंतजार कर रही महिला से फिल्मी अंदाज में ठगी

Admindelhi1
8 May 2025 9:12 AM IST
Ballia: ऑटो का इंतजार कर रही महिला से फिल्मी अंदाज में ठगी
x
"जेवर लेकर चंपत हुए ठग"

बलिया: उभांव थाना क्षेत्र के बिल्थरारोड कस्बे में दिनदहाड़े एक महिला से फिल्मी अंदाज में ठगी का मामला सामने आया है। चौधरी चरण सिंह तिराहे पर ऑटो का इंतजार कर रही महिला को ठगों ने चालाकी से बातों में उलझाया और उसके गहने उड़ा ले गए।

पीड़िता फुलनी देवी, निवासी अटवा (तुर्तीपार), अपने भांजे की शादी से इंदारा, मऊ से लौट रही थीं। जैसे ही वह बिल्थरारोड तिराहे पर ऑटो का इंतजार कर रही थीं, एक युवक ने आकर बातचीत शुरू की। तभी एक अन्य युवक वहां से गुजरते हुए जानबूझकर अपना रुमाल गिरा गया। तीसरे युवक ने रुमाल उठाया और तभी एक चौथा युवक आकर उसमें पैसे होने की बात करने लगा।

बातों ही बातों में ठगों ने महिला को एक रुमाल सुंघा दिया जिससे वह थोड़ी देर के लिए अचेत हो गई। इसी बीच उसकी सिकड़ी, लॉकेट और कान के टप्स निकालकर ठग फरार हो गए।

होश आने पर महिला ने तत्काल 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़िता का बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। बता दें कि इस इलाके में पहले भी कई महिलाएं ऐसी ठगी की घटनाओं का शिकार हो चुकी हैं, लेकिन गिरोह अब तक पकड़ से बाहर है।

Next Story