- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Ballia: बस की टक्कर से...

बलिया: जिले के फेफना थाना क्षेत्र के एकौनी गांव स्थित संत थॉमस स्कूल के पास सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। राजधानी रोड पर एक तेज़ रफ्तार बस और बाइक की टक्कर में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, गाज़ीपुर जिले के जखनियां गांव की रहने वाली पूनम देवी (30), पत्नी संदीप कुमार, अपने नाना के घर जाने के लिए शाहगंज-बलिया पैसेंजर ट्रेन से फेफना स्टेशन पर उतरी थीं। स्टेशन से वह अपने भतीजे दीपक कुमार (22), निवासी जाम, पुत्र अनिल कुमार के साथ बाइक से सिंहाचवर की ओर जा रही थीं।
जैसे ही दोनों संत थॉमस स्कूल के पास पहुंचे, सामने से आ रही एक बस ने उनकी बाइक को जबरदस्त टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि पूनम देवी और दीपक कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और थोड़ी ही देर में मृतकों के परिजन भी रोते-बिलखते पहुंचे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही बस और बाइक को भी जब्त कर लिया गया है।





