- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Ballia: बलिया-आरा...
Ballia: बलिया-आरा रेललाइन समेत कई विकास योजनाओं पर बोले वीरेंद्र मस्त

बलिया: बलिया के बहुप्रतीक्षित बलिया-आरा नई रेललाइन परियोजना को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। पूर्व सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त ने जानकारी दी कि इस परियोजना की टेंडर प्रक्रिया शीघ्र शुरू होने वाली है। उन्होंने बताया कि शनिवार को उन्होंने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से फोन पर बातचीत कर इस परियोजना की प्रगति को लेकर आग्रह किया था, जिस पर मंत्री ने उन्हें जल्द कार्यवाही का भरोसा दिया।
पूर्व सांसद ने बताया कि बजट में इस रेललाइन के लिए आवश्यक धनराशि का प्रावधान कर दिया गया है। साथ ही, बकुल्हा के पास रेलवे की खाली पड़ी जमीन पर रेल यार्ड बनाने के प्रस्ताव पर भी रेल मंत्री से जल्द विस्तृत चर्चा होगी। इस सिलसिले में उन्हें दिल्ली आमंत्रित किया गया है।
उन्होंने यह भी बताया कि आरा-बैरिया दो लेन सड़क तथा महुली में गंगा नदी पर पक्के पुल के निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत हो चुकी है। इन परियोजनाओं की टेंडर प्रक्रिया अगले महीने शुरू की जाएगी।
इसके अलावा, किसान कल्याण केंद्र के निर्माण के लिए मुरलीछपरा और बैरिया विकास खंड में स्थल चयन हो चुका है। दोनों केंद्रों के निर्माण के लिए दो-दो करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत और अवमुक्त की जा चुकी है।
पूर्व सांसद रविवार को सोनबरसा स्थित अपने कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा, "मेरे राजनीतिक जीवन का एकमात्र सपना बलिया का चहुंमुखी विकास है और मैं इसके लिए लगातार प्रयासरत हूं।" उन्होंने यह भी बताया कि केंद्र सरकार के कई मंत्रालयों में उनके प्रस्ताव लंबित हैं, जिन्हें जल्द स्वीकृत कराकर धरातल पर उतारने की दिशा में काम किया जा रहा है।





