उत्तर प्रदेश

Ballia: स्कूल ग्राउंड से ई-रिक्शा की चोरी की बैट्री के साथ दो युवक गिरफ्तार

Admindelhi1
3 Jun 2025 10:59 AM IST
Ballia: स्कूल ग्राउंड से ई-रिक्शा की चोरी की बैट्री के साथ दो युवक गिरफ्तार
x
गिरफ्तारी प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह के निर्देशन में की गई

बलिया: बैरिया थाना क्षेत्र: ई-रिक्शा की चोरी हुई बैट्री के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बैरिया थाना पुलिस ने दो आरोपियों को बाबा लक्ष्मण दास इंटर कॉलेज के ग्राउंड से गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी की गई बैट्री भी बरामद कर ली है। गिरफ्तारी प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह के निर्देशन में की गई।

30 मई को वादी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके ई-रिक्शा की बैट्री चोरी कर ली गई है। इस मामले में अभिषेक कुमार सिंह उर्फ मोती पुत्र अशोक सिंह और राजीव कुमार पुत्र विनोद कुमार (दोनों निवासी – रकबा टोला, थाना बैरिया) को आरोपित बनाया गया था। प्राथमिकी धारा 303 (2) बीएनएस के तहत दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुटी थी।

शनिवार को उपनिरीक्षक सुशील कुमार अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। टीम में हेड कांस्टेबल धर्मेन्द्र कुमार यादव, कांस्टेबल संदीप पांडेय, अखिलेश यादव, आदित्य प्रताप श्रेयांश और प्रियवृत गोड़ शामिल थे। जब वे बीबी टोला की ओर जा रहे थे, तभी बाबा लक्ष्मण दास इंटर कॉलेज के मैदान में दो युवकों को संदिग्ध हालात में बैठे पाया। पूछताछ में वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए, जिसके बाद उन्हें हिरासत में लिया गया।

पूछताछ में दोनों ने अपना नाम और पहचान बताई और यह भी स्वीकार किया कि उन्होंने दहारी वर्मा के गोदाम के पास खड़े ई-रिक्शा से बैट्री चोरी की थी, जिसे पास की झाड़ियों में छिपाया गया था। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर बैट्री बरामद कर ली।

पुलिस ने मामले में धारा 317 (2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी करते हुए दोनों आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया है। पुलिस की सतर्कता और तत्परता से ई-रिक्शा मालिक को न्याय मिल सका।

Next Story