- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Ballia: आग से दो दर्जन...
बलिया: बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के सारंगपुर गांव की बिंद बस्ती में रविवार को भीषण आग लगने से दो दर्जन रिहायशी झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। हादसे के समय अधिकतर लोग अपने खेतों में काम कर रहे थे, तभी झोपड़ियों से अचानक आग की लपटें उठने लगीं। तेज हवा के कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया।
स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का किया प्रयास
आसपास के ग्रामीणों ने मिलकर आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन तब तक झोपड़ियों में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। आग में बस्ती के कबूतरी देवी, भीम, धर्मेंद्र, राजबिहारी, श्रवण प्रसाद, रमेश प्रसाद, श्रीकांत, लक्ष्मण, हरेराम, मुन्ना, नमी, ठाकुर, ललन, राजदेव, श्याम बिहारी, अखिलेश और विजय की झोपड़ियां पूरी तरह खाक हो गईं।
भैंस झुलसी, अनाज और सामान राख
इस अग्निकांड में लक्ष्मण की एक भैंस गंभीर रूप से झुलस गई। झोपड़ियों में रखा अनाज, बिस्तर, साइकिल और अन्य जरूरी सामान पूरी तरह जल गया। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड और पुलिस ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। प्रशासन नुकसान का आकलन कर रहा है और प्रभावित परिवारों को सहायता देने की प्रक्रिया जारी है।





