उत्तर प्रदेश

Ballia: ठगों ने दुल्हन देखने आई महिला से नकदी और आभूषण लूटा

Admindelhi1
31 March 2025 11:07 AM IST
Ballia: ठगों ने दुल्हन देखने आई महिला से नकदी और आभूषण लूटा
x
पीड़ित महिला ने थाने में शिकायत दर्ज कराई

बलिया: बांसडीह कचहरी स्थित दुर्गा मंदिर में भाई के लिए दुल्हन देखने आई एक महिला को ठगों ने अपना शिकार बना लिया। ठगों ने नकली नोटों की गड्डी दिखाकर महिला के आभूषण और नकद रुपये ठग लिए। पीड़ित महिला ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है, और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

सुखपुरा थाना क्षेत्र के शिवपुर गांव निवासी सहोदरी देवी, अपने परिवार के साथ भाई के लिए दुल्हन देखने दुर्गा मंदिर आई थीं। मंदिर के बाहर जब वह बच्चों के लिए फल खरीद रही थीं, तभी एक बाइक सवार दो युवक वहां झोला गिरा गए।

युवकों ने महिला से कहा कि झोले में दो लाख रुपये हैं और उसमें अखबार में लपेटे नोटों के चार बंडल दिखाए। नकली नोटों को देखकर महिला लालच में आ गई। इसके बाद ठगों ने बहला-फुसलाकर महिला को मंदिर के पीछे ले गए और उसका मंगलसूत्र, कान का झुमका, जिउतिया और नकद 5,000 रुपये ले लिए।

कुछ देर बाद, जब महिला ने झोले को खोला तो उसमें नकली नोटों की आकृति वाले कागज के बंडल मिले। ठगी का एहसास होते ही महिला रोने और चिल्लाने लगी। मौके पर भीड़ जमा हो गई, और महिला ने तुरंत थाने जाकर शिकायत दर्ज कराई।

कोतवाल संजय सिंह ने बताया कि महिला को लालच देकर ठगी गई है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और ठगों की पहचान में जुटी है।

Next Story