उत्तर प्रदेश

Ballia: गंगा नदी में डूबने से तीन किशोरों की मौत

Admindelhi1
30 May 2025 12:40 PM IST
Ballia: गंगा नदी में डूबने से तीन किशोरों की मौत
x
"गांव में मचा कोहराम"

बलिया: जिले के दोकटी थाना क्षेत्र अंतर्गत सावनछपरा और बेचनछपरा गांवों में शुक्रवार सुबह उस समय मातम छा गया, जब गंगा नदी में तीन किशोरों के शव उतराए मिले। तीनों नाबालिग दोस्त गुरुवार से लापता थे। उनके शव मिलने की खबर से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि सैकड़ों ग्रामीण जगदीशपुर गंगा घाट पर जमा हो गए।

मृतकों की पहचान सावनछपरा निवासी विनय गोंड़ (14) पुत्र राजन गोंड़, संदीप गोंड़ (15) पुत्र योगेंद्र गोंड़ और बेचनछपरा निवासी वसीम (15) के रूप में हुई है। बताया गया कि गुरुवार की सुबह तीनों किशोर भोजापुर ट्यूशन पढ़ने की बात कहकर साइकिल से घर से निकले थे। शाम तक जब वे वापस नहीं लौटे, तो परिजनों ने तलाश शुरू की।

इसी बीच किसी ने जगदीशपुर गंगा घाट पर लावारिस पड़ी साइकिल, कपड़े और बैग देखा। बैग में रखी कॉपी-किताबों से छात्रों की पहचान हुई और शाम करीब छह बजे यह जानकारी परिजनों तक पहुंची। सूचना मिलते ही परिवार वाले मौके पर पहुंचे और अपने बच्चों का सामान देखकर बिलख उठे।

आशंका जताई जा रही है कि तीनों किशोर ट्यूशन जाने के बजाय गंगा नदी में स्नान करने चले गए थे, जहां हादसे का शिकार हो गए। सूचना मिलने पर एसडीएम बैरिया आलोक प्रताप सिंह, सीओ बैरिया मोहम्मद फहीम कुरैशी और दोकटी थाना अध्यक्ष हरिशंकर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। रातभर तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली।

अंततः शुक्रवार सुबह गंगा नदी में तीनों किशोरों के शव बरामद हुए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस हृदयविदारक घटना से गांव में गमगीन माहौल है।

Next Story