- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Ballia: ट्यूशन पढ़ने...

बलिया: जिले के दोकटी थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सावनछपरा और बेचनछपरा गांव के तीन किशोर गुरुवार सुबह ट्यूशन पढ़ने घर से निकले, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटे। देर शाम जगदीशपुर गंगा घाट पर उनकी साइकिल, कपड़े और कॉपी-किताबें लावारिस हालत में मिलने से हड़कंप मच गया। परिजनों को आशंका है कि तीनों गंगा नदी में नहाते समय डूब गए होंगे।
लापता छात्रों की पहचान विनय गोंड़ (14) पुत्र राजन गोंड़, संदीप गोंड़ (15) पुत्र योगेंद्र गोंड़, तथा वसीम (15), निवासी बेचनछपरा के रूप में हुई है। तीनों ने भोजापुर में ट्यूशन पढ़ने की बात कहकर साइकिल से घर छोड़ा था। लेकिन जब देर शाम तक वे घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की।
इसी दौरान गंगा घाट पर मिले बैग, कपड़े और किताबों पर नाम देखकर स्थानीय लोगों ने परिजनों को सूचना दी। शाम करीब 6 बजे सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और बच्चों का सामान देखकर रो पड़े। घाट पर कोहराम मच गया।
घटना की सूचना पाकर एसडीएम बैरिया आलोक प्रताप सिंह, सीओ बैरिया मोहम्मद फहीम कुरैशी और थानाध्यक्ष हरिशंकर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाशी अभियान शुरू किया है, और गोरखपुर से एनडीआरएफ टीम को भी बुलाया गया है।
घटना के बाद से इलाके में गम और दहशत का माहौल है। परिजन अभी भी किसी चमत्कार की उम्मीद में घाट पर टकटकी लगाए बैठे हैं।





