- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Ballia: चार दिन पहले...
Ballia: चार दिन पहले चोरी हुई तीन भैंसें बरामद, दो चोर गिरफ्तार

बलिया: हल्दी थाना क्षेत्र में भैंस चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने चार दिन पहले चोरी हुई तीन भैंसों को बरामद कर दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई की क्षेत्र में खूब चर्चा हो रही है।
बताया गया कि बादिलपुर गांव निवासी सुनील कुमार यादव की तीन भैंसें 20 मई को चोरी हो गई थीं। सूचना पर हल्दी थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
रविवार को हल्दी थानाध्यक्ष विश्वदीप सिंह के नेतृत्व में उप निरीक्षक सुनील कुमार अपने हमराहियों—हेड कांस्टेबल बृजेश यादव, कांस्टेबल रामबाबू गोस्वामी और अभय कुमार सिंह के साथ हल्दी चट्टी के पास गश्त पर थे। तभी मुखबिर की खास सूचना पर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे से बेलहरी की ओर जाते समय लाखपुर के पास दो संदिग्ध व्यक्तियों को चोरी की भैंसों के साथ पकड़ लिया गया।
पूछताछ में एक ने अपना नाम राजकिशोर यादव (28 वर्ष), निवासी पीपरा, थाना दुबहड़ और दूसरे ने अपना नाम पवन कुमार यादव (20 वर्ष), निवासी शिवपुर, थाना दुबहड़ बताया।
भैंसों की पुष्टि के लिए वादी सुनील यादव को मौके पर बुलाया गया। तस्दीक के बाद यह स्पष्ट हुआ कि बरामद की गई भैंसें उसी चोरी की घटना से संबंधित हैं। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया।





