उत्तर प्रदेश

Ballia: देश के लिए बलिदान देने वाले जवान को दी गई राजकीय सम्मान के साथ विदाई

Admindelhi1
13 Jun 2025 11:45 AM IST
Ballia: देश के लिए बलिदान देने वाले जवान को दी गई राजकीय सम्मान के साथ विदाई
x

बलिया: जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में ड्यूटी के दौरान हृदयगति रुकने से शहीद हुए सीआरपीएफ जवान विनोद कुमार राय (48) का पार्थिव शरीर गुरुवार को उनके पैतृक गांव सीसोटार पहुंचा। जैसे ही जवान का शव गांव में पहुंचा, कोहराम मच गया। अंतिम दर्शन के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। सरयू नदी के किनारे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। मुखाग्नि उनके पुत्र अमृत राय ने दी, जबकि सीआरपीएफ के जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर अंतिम विदाई दी।

विनोद कुमार राय 11 अप्रैल 2001 को सीआरपीएफ की 128वीं बटालियन में भर्ती हुए थे। हाल के वर्षों में वे असम के कामाख्या क्षेत्र में तैनात थे। पांच दिन पहले ही अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा के लिए उनकी तैनाती श्रीनगर में हुई थी। वहीं ड्यूटी के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें सेना के अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

शव को श्रीनगर से दिल्ली, फिर लखनऊ होते हुए सड़क मार्ग से सीसोटार लाया गया। गुरुवार को सीआरपीएफ की 95वीं बटालियन के 18 सदस्यीय दल ने इंस्पेक्टर अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में सभी औपचारिकताएं पूरी कीं। तिरंगे में लिपटे जवान के शव को सलामी दी गई। जैसे ही उनकी पत्नी रंजना राय, पुत्री अनन्या राय और पुत्र अमृत राय बिलखते हुए पुष्प अर्पित कर रहे थे, वहां मौजूद हर आंख नम हो गई। गांव के लोगों ने नम आंखों से अपने सपूत को अंतिम विदाई दी।

Next Story