- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Ballia: छत से गिरकर...

बलिया: उभांव थाना क्षेत्र के सोनाडीह गांव में शनिवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में 34 वर्षीय मृत्युंजय राजभर की छत से गिरकर मौत हो गई। वह अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र थे। इस हादसे ने न सिर्फ उनके परिवार को गहरे शोक में डुबो दिया, बल्कि पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृत्युंजय रात में छत पर सोए हुए थे। देर रात नींद खुलने पर उन्होंने अपनी ई-रिक्शा को देखने के लिए छत से नीचे झांका। इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़े। सुबह जब परिजनों ने उन्हें घर के बाहर गिरा हुआ देखा, तब जाकर हादसे की जानकारी हुई।
मृत्युंजय अपने पीछे दो बेटे और एक बेटी को छोड़ गए हैं। उनके पिता भोला राजभर राजस्थान में पैरामिलिट्री सेवा में कार्यरत हैं। इस हादसे से जहां परिवार पर वज्रपात हुआ है, वहीं गांव के लोग भी स्तब्ध हैं। हर कोई इस असमय गई जान को लेकर शोकाकुल है और परिवार को ढांढस बंधा रहा है।
एकमात्र सहारा खोने के बाद परिवार पर अंधकार छा गया है। गांव के लोग इसे एक अकाल त्रासदी मान रहे हैं।





