- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Ballia: ‘एक राष्ट्र,...
Ballia: ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ के पक्ष में प्रबुद्धजनों का समर्थन

बलिया: टाउन हॉल में बुधवार को आयोजित ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ विषयक प्रबुद्ध वर्ग समागम में वक्ताओं ने इसे देश के लिए अत्यंत आवश्यक और लोकतांत्रिक व्यवस्था को सशक्त बनाने वाला कदम बताया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि और भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रामापति राम त्रिपाठी ने कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ की अवधारणा का लागू होना समय की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि देश की लगभग 71% आबादी भाजपा शासित राज्यों में निवास करती है, और वहां इस व्यवस्था को लेकर पूर्ण समर्थन है।
रामापति राम त्रिपाठी ने कहा कि यह कानून अब तक इसलिए लागू नहीं हो पाया क्योंकि कुछ राजनैतिक परिवारों को यह अपने निजी हितों के खिलाफ लगता है। हालांकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह स्पष्ट मानना है कि जब तक जनमानस इसके समर्थन में जागरूक नहीं होता, तब तक इसकी सार्थकता अधूरी रहेगी। उन्होंने प्रबुद्ध समाज से अपील की कि वे इस विषय पर जनजागरूकता बढ़ाएं।
कार्यक्रम की प्रमुख बातें: दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की गई, जिसमें परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, राज्यसभा सांसद नीरज शेखर, चेयरमैन संत कुमार गुप्ता मिठाई लाल, पूर्व मंत्री नारद राय आदि उपस्थित थे। स्वागत भाषण में परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ व्यवस्था लोकतंत्र को गति देने वाली और राष्ट्रहित में आवश्यक पहल है।
गढ़वाल विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति डॉ. लल्लन सिंह ने कहा कि इस प्रणाली के लागू होने से चुनावी खर्च में भारी कटौती होगी, जिससे देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने बताया कि फिलहाल प्रति व्यक्ति चुनावी खर्च करीब 1400 रुपए है। जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा ने कार्यक्रम के अंत में आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर पहुंचे सभी गणमान्यजनों ने हाल ही में पहलगाम हमले में मारे गए लोगों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम का संचालन डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने किया।
पूर्व जिलाध्यक्ष देवेंद्र यादव, विजय बहादुर सिंह, पूर्व प्रमुख गुड्डू राय, रवि राय, छट्ठू राम, अरुण सिंह बंटू समेत कई समाजसेवी और बुद्धिजीवी वर्ग के लोग इस अवसर पर मौजूद रहे।





