- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Ballia: सुहेलदेव...
Ballia: सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी नेता ने पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाया

बलिया: सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के बांसडीह विधानसभा प्रभारी उमापति राजभर ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि मंगलवार को बांसडीह तहसील परिसर में एक विवाद हुआ, जहां एसडीएम के स्टेनो ने अपनी चार पहिया गाड़ी उनके पैर पर चढ़ा दी। इस घटना को लेकर दोनों के बीच बहस हुई, लेकिन कुछ लोगों की मध्यस्थता से मामला शांत हो गया।
थाने में मारपीट का आरोप
उमापति राजभर का आरोप है कि बाद में स्टेनो की शिकायत पर बांसडीह कोतवाली के एक एसआई और एक सिपाही उन्हें थाने ले गए। वहां उन्हें वॉशरूम में बंद कर पट्टे से पीटा गया और उनका पीला गमछा भी उतरवाकर फेंक दिया गया।
कैबिनेट मंत्री को दी गई जानकारी
गौरतलब है कि सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कार्यकर्ताओं से पीला गमछा पहनकर थाने जाने की अपील की थी, जिससे पार्टी कार्यकर्ताओं को सम्मान मिले। उमापति राजभर ने इस पूरी घटना की जानकारी कैबिनेट मंत्री को दे दी है।
इस मामले में सीओ बांसडीह प्रभात कुमार ने बताया कि एसडीएम के स्टेनो और सुभासपा नेता दोनों पक्षों से शिकायत मिली है। दोनों शिकायतों की जांच जारी है, वहीं कोतवाली में सुभासपा नेता के साथ हुई कथित मारपीट की भी अलग से जांच होगी।





