- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Ballia: सर्पदंश बना...

बलिया: बेलहरी ग्राम पंचायत के शुक्लछपरा गांव में रविवार की रात सर्पदंश की दर्दनाक घटना में दादी और पोते की मौत हो गई। एक ही परिवार में दो लोगों की अकस्मात मृत्यु से पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है।
गांव निवासी अनुज ठाकुर का छह वर्षीय बेटा कान्हा और उसकी दादी फूलपती देवी (पत्नी स्व. राजाराम) शनिवार रात खाना खाने के बाद एक ही चारपाई पर सो रहे थे। देर रात करीब तीन बजे दोनों को सांप ने डंस लिया।
परिजन आनन-फानन में दोनों को जिला अस्पताल ले गए, जहां रविवार सुबह करीब छह बजे कान्हा ने दम तोड़ दिया। वहीं, इलाज के दौरान दोपहर बाद लगभग तीन बजे फूलपती देवी की भी मौत हो गई। एक ही दिन में पोते और दादी की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
मासूम कान्हा अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में मातम पसर गया है। गांव के पूर्व प्रधान संजय ओझा सहित कई लोगों ने शोक संवेदना व्यक्त की है।





