उत्तर प्रदेश

Ballia: अशर्फी हॉस्पिटल में मरीज की मौत के बाद हुआ हंगामा

Admindelhi1
28 March 2025 10:41 AM IST
Ballia: अशर्फी हॉस्पिटल में मरीज की मौत के बाद हुआ हंगामा
x
"लापरवाही का आरोप"

बलिया: पालीटेक्निक मोड़, तीखमपुर स्थित अशर्फी हॉस्पिटल में दोपहर करीब 1 बजे उस समय हंगामा मच गया, जब परिजनों को मृतक का शव सौंपा गया। परिजनों ने आरोप लगाया कि भृगुनाथ की हालत काफी गंभीर थी और उन्होंने मरीज को रेफर करने की मांग भी की थी, लेकिन अस्पताल ने पैसे के लालच में मरीज को जबरदस्ती वहीं रखकर इलाज जारी रखा।

समय पर रेफर न करने का आरोप, लापरवाही से गई जान: परिजनों का कहना है कि सुखपुरा थाना क्षेत्र के सपही निवासी भृगुनाथ सड़क दुर्घटना में घायल हो गए थे, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अशर्फी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। जैसे-जैसे उनकी हालत बिगड़ती गई, परिजनों ने चिकित्सकों से मरीज को रेफर करने की गुहार लगाई, लेकिन डॉक्टरों ने न तो मरीज को रेफर किया और न ही समुचित इलाज का इंतजाम किया।

मौत के बाद भी पैसे लेने का आरोप

परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि मरीज की मौत हो जाने के बाद अस्पताल प्रशासन ने उन्हें सूचित करने की बजाय पहले पैसे जमा कराने पर जोर दिया और उसके बाद ही मृतक का शव सौंपा। इस पूरे मामले को लेकर परिजन आक्रोशित हो गए और अस्पताल परिसर में हंगामा करने लगे।

सूचना पर पहुंची पुलिस, माहौल किया शांत

अस्पताल में हंगामा बढ़ता देख किसी ने बांसडीहरोड थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया।

परिजनों का आक्रोश और जांच की मांग

घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उचित जांच और कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

Next Story