उत्तर प्रदेश

Ballia: लापता फोटोग्राफर का सड़ा-गला शव मिला

Admindelhi1
24 March 2025 10:30 AM IST
Ballia: लापता फोटोग्राफर का सड़ा-गला शव मिला
x
"प्रेम प्रसंग में हत्या की आशंका"

बलिया: रेवती थाना क्षेत्र के मानगढ़ गांव स्थित खाकी बाबा के मठिया के पास गेहूं के खेत में युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। शव की हालत इतनी खराब थी कि देखने वालों के रोंगटे खड़े हो गए। मृतक की पहचान चंदन बिंद (24) पुत्र श्याम बिहारी प्रसाद (निवासी: मानगढ़, रेवती, बलिया) के रूप में हुई, जो पिछले पांच दिनों से लापता था। शव के कई अंग जानवरों द्वारा नोच लिए गए थे। हत्या के पीछे की वजह क्या है, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा, लेकिन ग्रामीणों में चर्चा है कि मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हो सकता है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

फोन कॉल के बाद हुआ था लापता

मिली जानकारी के अनुसार, मानगढ़ निवासी चंदन बिंद बैरिया थाना क्षेत्र के रानीगंज बाजार में वीडियो फोटोग्राफी का काम करता था। 18 मार्च की रात वह परिवार के साथ खाना खा रहा था, तभी किसी का फोन आया। उसने अपनी मां इंद्रावती से कुछ देर में लौटने की बात कहकर घर से निकल गया। लेकिन 19 मार्च की सुबह तक चंदन घर नहीं लौटा और उसका मोबाइल भी स्विच ऑफ हो गया। परिजनों ने रिश्तेदारी और आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन कोई पता नहीं चला। आखिरकार, 20 मार्च को चंदन के पिता ने पुलिस में अपहरण की शिकायत दर्ज कराई।

शव मिलने तक पुलिस कर रही थी छानबीन

रेवती पुलिस ने गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। इसी बीच, 21 मार्च को गांव के बाहर खेत में खून के धब्बे मिलने से पुलिस की जांच तेज हो गई। पुलिस ने ग्रामीणों, दोस्तों और परिजनों से पूछताछ कर कई संदिग्धों को हिरासत में लिया। जांच के दौरान चंदन के मोबाइल का कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) निकलवाया गया। आखिरी बार बात करने वाले व्यक्ति से सख्ती से पूछताछ करने पर पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे।

शव दियारे क्षेत्र में नाले के पास मिला

पूछताछ में मिले सुराग के आधार पर शनिवार को सीओ फहीम कुरैशी के नेतृत्व में रेवती और बैरिया थाने की पुलिस ने दियारे क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने शिवाल मठिया के पास सिवान स्थित नाले के किनारे चंदन का शव बरामद किया। शव मिलने की सूचना पर परिजनों को थाने बुलाया गया। शव देखते ही चंदन के माता-पिता दहाड़ मारकर रोने लगे।

पुलिस अब मामले की तह तक जाने के लिए लगातार पूछताछ कर रही है। प्रेम प्रसंग में हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, घटना के पीछे की असली वजह जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी।

Next Story