- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Ballia: पुलिस ने 20...
Ballia: पुलिस ने 20 वर्षीय युवती की मौत के मामले में बड़ा खुलासा किया

बलिया: नगरा थाना क्षेत्र में पेड़ से लटकी मिली 20 वर्षीय युवती की मौत के मामले में बलिया पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। शुरुआती तौर पर हत्या और आत्महत्या के बीच उलझे इस केस को पुलिस ने सुलझा लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मोबाइल की कॉल डिटेल्स और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने इसे आत्महत्या करार दिया है। हालांकि, मामले की जांच अभी भी जारी है।
25 अप्रैल को होनी थी शादी, लेकिन हो गई मौत: बताया जा रहा है कि मृतका पूजा की शादी इसी साल 25 अप्रैल को तय थी। घटना वाले दिन युवती का शव गांव के पास एक पेड़ से लटका मिला था। हैरानी की बात ये थी कि युवती के हाथ पीछे से बंधे हुए थे, जिससे मामला शुरू में हत्या जैसा लग रहा था। पड़ोसियों में भी तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई थीं।
पिता ने पड़ोसियों पर लगाए थे हत्या के आरोप: घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और गहन जांच शुरू की। युवती के पिता उस समय लखनऊ में थे। लौटने के बाद उन्होंने चार पड़ोसियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए नामजद तहरीर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी थी।
टेक्निकल टीम ने खोला राज: पुलिस की टेक्निकल टीम ने युवती के मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक डाटा की गहराई से जांच की। कॉल डिटेल्स से पता चला कि पूजा दो नंबरों से सबसे ज्यादा बातचीत करती थी। एक नंबर उसके मंगेतर का था, दूसरा गांव के ही एक युवक का। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि युवती लगातार अपने प्रेमी से संपर्क करना चाहती थी, लेकिन प्रेमी ने उसका नंबर ब्लैकलिस्ट कर दिया था। इसी से वह मानसिक रूप से परेशान चल रही थी।
YouTube पर देखा फांसी लगाने का तरीका: पुलिस ने दावा किया है कि युवती ने इंटरनेट पर फांसी लगाने से जुड़ा वीडियो देखा था। इसी वीडियो को देखकर उसने खुदकुशी का तरीका सीखा और उसी को अपनाया।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बताया कि यह मामला पूरी तरह से आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों से इसकी पुष्टि होती है। फिलहाल पुलिस विवेचना को अंतिम रूप दे रही है और सभी पहलुओं पर गहराई से जांच जारी है।





