- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Ballia: पुलिस ने...
Ballia: पुलिस ने भाई-बहन पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया

बलिया: जिले के बैरिया थाना क्षेत्र में भाई-बहन पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। आरोपियों के कब्जे से एक कुल्हाड़ी बरामद की गई है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर आरोपियों को न्यायालय भेज दिया है।
पीड़िता ने 13 मार्च को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि गोंहिया छपरा, थाना बैरिया, बलिया के रहने वाले लालजी पासवान पुत्र जयराम, कृष्णा पासवान पुत्र लालजी पासवान, कमल पासवान पुत्र लालजी पासवान और अजय पासवान पुत्र लालजी पासवान ने उसके और उसके भाई के साथ गाली-गलौज की। इसके बाद, उन्होंने जान से मारने की नीयत से कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने धारा 109, 115(2), 352, 351(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
गिरफ्तारी और बरामदगी: जांच के दौरान उपनिरीक्षक रामप्रसाद बिंद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नामजद आरोपियों में से लालजी पासवान और उनके बेटे कृष्णा पासवान को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कुल्हाड़ी को भूसे में छिपाने की बात कबूल की, जिसके बाद पुलिस ने हथियार बरामद कर लिया।
गिरफ्तारी में हेड कांस्टेबल रामनगीना यादव और अनिल यादव की अहम भूमिका रही। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।





