उत्तर प्रदेश

Ballia: मंत्री ने योगी सरकार के 8 साल की उपलब्धियां गिनाईं

Admindelhi1
26 March 2025 9:58 AM IST
Ballia: मंत्री ने योगी सरकार के 8 साल की उपलब्धियां गिनाईं
x
"यूपी बना भारत का ग्रोथ इंजन"

बलिया: उत्तर प्रदेश सरकार के 8 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बलिया के गंगा बहुउद्देशीय सभागार में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आयुष, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जनपद के प्रभारी मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु' ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में देश ने कई विकास की ऊंचाइयों को छुआ है। उन्होंने कहा, "भारत दुनिया का सबसे ताकतवर देश बनने की ओर अग्रसर है।"

योगी सरकार की तारीफ

मंत्री ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश को ऐसा मुख्यमंत्री मिला है जो दिन-रात 24 घंटे काम कर रहा है। उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की तस्वीर और तकदीर दोनों बदली है। उन्होंने कहा कि यह गौरव का विषय है कि आजादी के बाद पहली बार कोई मुख्यमंत्री लगातार दूसरी बार इतना सफल कार्यकाल पूरा कर रहा है। योगी जी को प्रदेश की 25 करोड़ जनता का समर्थन मिला है, जिसके चलते यह इतिहास रचा गया है।

ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट और आर्थिक विकास

मंत्री ने बताया कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में उत्तर प्रदेश को 40 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश प्राप्त हुआ है। ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी में अब तक 10 लाख करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं धरातल पर उतर चुकी हैं। उन्होंने कहा, "यह बदला हुआ उत्तर प्रदेश है, जो अब भारत की ग्रोथ का इंजन बन चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत को 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य रखा है, और उत्तर प्रदेश इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। आज उत्तर प्रदेश देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। फलों, सब्जियों, आलू, चीनी और गन्ना उत्पादन में प्रदेश अग्रणी है।"

प्रधानमंत्री आवास और आयुष्मान कार्ड में यूपी अव्वल

मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना में उत्तर प्रदेश ने देश में शीर्ष स्थान हासिल किया है। अब तक 2.86 करोड़ लोगों को आयुष्मान कार्ड मिल चुके हैं। 15 करोड़ गरीबों को अनाज मिल रहा है। एक्सप्रेस-वे के मामले में भी उत्तर प्रदेश सबसे आगे है। उन्होंने कहा, "पांच अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों वाला प्रदेश उत्तर प्रदेश है, जहां एशिया का सबसे बड़ा जेवर एयरपोर्ट बन रहा है।"

बिजली, डीबीटी और युवाओं के लिए योजनाएं

मंत्री ने बताया कि आज उत्तर प्रदेश के गांवों को 20 घंटे, तहसील मुख्यालय को 22 घंटे और जिला मुख्यालय को 24 घंटे बिजली मिल रही है। डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से लाभार्थियों के खातों में सीधा पैसा ट्रांसफर किया जा रहा है। उन्होंने कहा, "प्राइमरी स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों के माता-पिता को ₹1200 की राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे खाते में भेजी जा रही है। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत 10 लाख युवाओं को लाभ मिलेगा, जिससे करोड़ों लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे।"

बलिया में विकास की गंगा

मंत्री ने बलिया में हो रहे विकास कार्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बलिया को सत्तू उद्योग और ओडीओपी (One District One Product) योजना का लाभ मिलने वाला है। बलिया में ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य जारी है। जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय में कई विकास कार्य कराए गए हैं। बलिया में बाढ़ से सुरक्षा प्रदान करने के लिए अनेक बांधों का निर्माण किया गया है। इसके अलावा मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य जारी है और नई जेल का भी निर्माण कराया जाएगा। बलिया बस डिपो का पुनर्निर्माण कार्य भी प्रगति पर है।

मंत्री ने बलिया की गौरवशाली क्रांतिकारी धरती को नमन करते हुए कहा कि यहां विकास के कार्य हर ओर दिखाई दे रहे हैं और बलिया के लोग विकास की इस धारा का लाभ उठा रहे हैं।

Next Story