- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Ballia: शिक्षा विरोधी...
Ballia: शिक्षा विरोधी है स्कूलों का विलय, सीनियर बेसिक शिक्षक संघ ने जताया विरोध

बलिया: उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा विद्यालयों के एकीकरण (मर्जर) के खिलाफ चलाए जा रहे प्राथमिक शिक्षक संघ के आंदोलन को अब सीनियर बेसिक शिक्षक संघ का भी पूरा समर्थन मिल गया है। संगठन ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि स्कूल मर्जर न केवल शिक्षक विरोधी बल्कि शिक्षा विरोधी भी है।
उत्तर प्रदेश सीनियर बेसिक शिक्षक संघ के प्रांतीय अध्यक्ष और महामंत्री की ओर से प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष और मंत्री को समर्थन पत्र भेजकर आंदोलन के साथ एकजुटता जताई गई है। संगठन ने कहा है कि विद्यालयों का मर्जर शिक्षण व्यवस्था को कमजोर करने वाला कदम है, जिसे किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
संघ के प्रदेश महामंत्री सुशील कुमार पांडेय ‘कान्हजी’ ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा कि पूरे प्रदेश में प्राथमिक शिक्षक संघ के आंदोलन में पूर्ण भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सभी प्रांतीय पदाधिकारियों और जिला अध्यक्षों को निर्देशित कर दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सीनियर बेसिक शिक्षक संघ, प्राथमिक शिक्षक संघ के साथ मिलकर इस निर्णय के विरोध में संघर्ष करेगा।
इस कदम के बाद अब आंदोलन को और व्यापक समर्थन मिलने की संभावना है, जिससे सरकार पर दबाव बढ़ सकता है।





