उत्तर प्रदेश

Ballia: नकाबपोश बदमाशों ने युवक को चाकू से गोदा

Admindelhi1
29 Jun 2025 6:02 PM IST
Ballia: नकाबपोश बदमाशों ने युवक को चाकू से गोदा
x
हालत गंभीर

बलिया: बांसडीह रोड थाना क्षेत्र के डुमरी गांव में शनिवार दोपहर उस समय अफरातफरी मच गई जब बाजार जा रहे एक युवक पर नकाबपोश बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। टघरौली स्कूल के पास हुई इस वारदात में बदमाशों ने युवक को चाकू से सिर, सीने और पेट पर ताबड़तोड़ वार कर बुरी तरह घायल कर दिया। युवक लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों और परिजनों ने आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।

घटना में घायल युवक की पहचान डुमरी गांव निवासी रंजीत गोंड (49) पुत्र श्यामलाल गोंड के रूप में हुई है। वह शनिवार को दोपहर बाजार जा रहे थे। जैसे ही वह टघरौली स्कूल के पास पहुंचे, पहले से घात लगाए तीन से चार नकाबपोश बदमाशों ने उन पर अचानक हमला कर दिया और चाकुओं से गोद डाला। हमला इतना तेज था कि रंजीत मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े।

परिजनों ने आरोप लगाया है कि घटना की सूचना देने के बावजूद बांसडीह रोड थाना पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। यहां तक कि गंभीर रूप से घायल रंजीत को परिजन ही खुद जिला अस्पताल लेकर गए। उन्होंने यह भी बताया कि पुलिस थाने से उन्हें सिर्फ यह कहा गया कि "पहले अस्पताल ले जाओ", लेकिन एक भी पुलिसकर्मी साथ नहीं गया।

स्थानीयों में रोष, पुलिस की निष्क्रियता पर सवाल

घटना के बाद इलाके में दहशत और नाराजगी है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब दिनदहाड़े बीच सड़क पर ऐसे हमले हो रहे हैं और पुलिस मौके पर नहीं पहुंच रही है, तो आम लोगों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी?

Next Story