- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Ballia: दहेज के लालच...

बलिया: बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के केवरा गांव में दहेज की लालच में एक विवाहिता की हत्या कर उसका शव गायब कर देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
मूल रूप से बिहार के छपरा जिले के भगवान बाजार थाना क्षेत्र के अजायबगंज वार्ड नंबर-1 निवासी सत्येंद्र सिंह ने बताया कि उनकी बेटी ज्योति की शादी वर्ष 2016 में केवरा गांव निवासी संजय सिंह से हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि संजय ने अपने मित्रों के साथ मिलकर रविवार देर रात ज्योति को ज़हर देकर मार डाला और फिर शव को गायब कर दिया।
सत्येंद्र सिंह के अनुसार, शादी के बाद से ही कम दहेज मिलने को लेकर संजय उनकी बेटी को मारता-पीटता था। कई बार गांव में पंचायत भी हुई, मगर अत्याचार नहीं रुका। संजय लगातार ज्योति से मोबाइल पर दो लाख रुपये की मांग करता था। ज्योति अक्सर पिता से अपने साथ हो रही प्रताड़ना की बातें साझा करती थी।
सत्येंद्र ने बताया कि करीब दस दिन पहले ही संजय, ज्योति को छपरा से विदा कराकर वापस केवरा लाया था। ज्योति के दो बच्चे हैं—सात साल की बेटी एंजल और तीन साल का बेटा सूर्यांश।
केस की गंभीरता को देखते हुए कोतवाल संजय सिंह ने बताया कि आरोपी पति को हिरासत में ले लिया गया है और शव की तलाश की जा रही है। वहीं, छपरा से बलिया पहुंचे परिजन बदहवास हालत में रोते-बिलखते नजर आए। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।





