- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Ballia: हाईटेंशन तार...

बलिया: बैरिया थाना क्षेत्र के मकदूमपुर गांव के सामने रविवार को एक बड़ा हादसा उस समय हो गया जब एक मजदूर निजी महिला महाविद्यालय के मुख्य गेट पर बने छज्जे का नहला कर रहा था। काम के दौरान 50 वर्षीय मनु यादव हाईटेंशन तार की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, छज्जे के ठीक बगल से हाईटेंशन लाइन गुजर रही थी। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से मनु यादव (निवासी परती, बैरिया) का संपर्क तार से हो गया और वह बुरी तरह झुलस गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल बिजली विभाग को सूचना देकर विद्युत आपूर्ति बंद कराई।
गंभीर रूप से झुलसे मजदूर को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा पहुंचाया गया, जहां इमरजेंसी में तैनात डॉ. जया पाठक ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, मजदूर का लगभग 70 प्रतिशत शरीर जल चुका है।
स्थानीय लोगों ने इस हादसे के लिए निर्माण कार्य में बरती गई लापरवाही और हाईटेंशन तार के ठीक बगल में कार्य कराने को जिम्मेदार ठहराया है।





