उत्तर प्रदेश

Ballia: लापरवाही पर कानूनगो और लेखपाल के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश

Admindelhi1
27 Jun 2025 2:15 PM IST
Ballia: लापरवाही पर कानूनगो और लेखपाल के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश
x
डीएम का कड़ा रुख

बलिया: जिले की सभी तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इसी क्रम में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बांसडीह तहसील में जन शिकायतों को सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों का निस्तारण गुणवत्ता के साथ और समयबद्ध तरीके से किया जाए।

डीएम ने राजस्व से जुड़ी शिकायतों पर राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम को मौके पर जाकर समाधान करने के आदेश दिए। वहीं, जन कल्याणकारी योजनाओं के लिए प्राप्त प्रार्थना-पत्रों पर ऑनलाइन आवेदन कराकर पात्र लाभार्थियों को लाभ देने का भी निर्देश दिया।

पेंशन न मिलने की शिकायतों पर जिला समाज कल्याण अधिकारी और खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जिन लाभार्थियों को पहले पेंशन मिलती थी लेकिन अब बंद हो गई है, उनकी जांच कर तत्काल पेंशन बहाल की जाए, ताकि पात्र लोगों को निरंतर लाभ मिलता रहे।

इस दौरान सरवार ककरघटी निवासी सुरेंद्र वर्मा ने शिकायत दर्ज कराई कि बार-बार प्रार्थना पत्र देने के बावजूद उनकी वरासत की कार्रवाई नहीं की गई है। इस पर डीएम ने कानूनगो और वर्तमान व पूर्व लेखपाल की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए।

समाधान दिवस में राशन कार्ड, विद्युत विभाग और नलकूप विभाग से संबंधित शिकायतें अधिक संख्या में आने पर जिलाधिकारी ने असंतोष जताया और संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर शिकायतें निस्तारित करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही समाधान दिवस में अनुपस्थित चकबंदी अधिकारी का एक दिन का वेतन रोकने के भी आदेश दिए।

डीएम ने सभी अधिकारियों से कहा कि तहसील दिवस और आईजीआरएस में प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। किसी भी स्थिति में शिकायतें लंबित नहीं रहनी चाहिए।

इस समाधान दिवस में कुल 201 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 14 शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। इस मौके पर उप जिलाधिकारी अभिषेक प्रियदर्शी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संजीव वर्मन, प्रभागीय वनाधिकारी अपूर्व दीक्षित समेत कई विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Next Story