- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Ballia: ट्रांसफर को...
Ballia: ट्रांसफर को ठेंगा दिखा रहे दरोगा शुक्ला, दो महीने से आदेश लंबित

बलिया: जनपद पुलिस विभाग में ट्रांसफर नीति की धज्जियां उड़ती नजर आ रही हैं। रेवती थाने पर तैनात उप निरीक्षक प्रभाकर शुक्ला का तबादला दो महीने पहले कर दिया गया था, लेकिन वह अब तक नई जगह पर कार्यभार ग्रहण करने नहीं पहुंचे हैं। बताया जा रहा है कि ऊंची पहुंच के चलते प्रभाकर शुक्ला अभी भी रेवती थाने में डटे हुए हैं।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने दो महीने पहले दरोगा प्रभाकर शुक्ला का ट्रांसफर आदेश जारी किया था, मगर आदेश के बावजूद वह थाने से रिलीव नहीं हुए। नियमों के अनुसार, स्थानांतरण के बाद निर्धारित अवधि में कार्यमुक्त होकर नवीन तैनाती स्थल पर आमद कराना अनिवार्य होता है, लेकिन प्रभाकर शुक्ला ने अब तक आदेश का पालन नहीं किया।
इस मामले को लेकर पुलिस महकमे में भी तरह-तरह की चर्चाएं हैं। विभागीय सूत्रों का कहना है कि प्रभाकर शुक्ला की 'ऊँची पहुँच' के चलते आदेश का पालन नहीं हो पा रहा है। हालांकि इस संबंध में अधिकारिक तौर पर कोई कुछ भी कहने को तैयार नहीं है।
प्रभाकर शुक्ला फिलहाल रेवती थाने में ही रोजाना की ड्यूटी कर रहे हैं। इस पूरे प्रकरण पर पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह की ओर से भी कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए हैं कि जब आम कर्मचारी ट्रांसफर आदेश का उल्लंघन नहीं कर सकता तो फिर पुलिस विभाग में ये छूट क्यों दी जा रही है?
सूत्र बताते हैं कि इस संबंध में जल्द ही उच्च अधिकारियों से शिकायत की जा सकती है। देखना होगा कि नियमों को ताक पर रखकर चल रहे इस प्रकरण में विभाग क्या कार्रवाई करता है।





