उत्तर प्रदेश

Ballia: स्कूल जा रहे मासूम की कार से कुचलकर मौत

Admindelhi1
24 July 2025 6:03 PM IST
Ballia: स्कूल जा रहे मासूम की कार से कुचलकर मौत
x

बलिया: नगरा-मझवारा मार्ग पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में आठ वर्षीय स्कूली छात्र ओम की मौत हो गई। तेज रफ्तार ब्रेजा कार ने स्कूल जा रहे मासूम को कुचल दिया। हादसा उस समय हुआ, जब ओम को उसके पिता शैलेश विश्वकर्मा उर्फ पप्पू आर्यभट्ट स्कूल छोड़ने के लिए बाइक से लेकर आए थे।

तेज रफ्तार कार ने रौंदा मासूम

जैसे ही शैलेश ने बेटे को बाइक से उतारा और स्कूल की ओर भेजना चाहा, उसी दौरान भीमपुरा की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार ब्रेजा कार सामने एक साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हो गई। गाड़ी विपरीत दिशा में जाकर सड़क किनारे खड़े ओम को कुचलते हुए 33 हजार वोल्ट का बिजली का खंभा भी तोड़ते हुए रुकी।

इलाज के दौरान मासूम की मौत

घटना के बाद घायल ओम को पहले मऊ और फिर वाराणसी के लिए रेफर किया गया। लेकिन रास्ते में ही, गाजीपुर के पास उसकी मौत हो गई। ओम अपने माता-पिता का इकलौता बेटा और तीन बहनों का भाई था। उसकी मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

कार जब्त, बिजली विभाग कर रहा नुकसान का आकलन

हादसे के बाद पुलिस ने ब्रेजा कार को कब्जे में ले लिया है। वहीं, बिजली विभाग मौके पर पहुंचकर खंभे के नुकसान का आंकलन कर रहा है। गांव में मातम का माहौल है और लोग शोकसंतप्त परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं।

Next Story