- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Ballia: हिंदी...
Ballia: हिंदी पत्रकारिता दिवस: वरिष्ठ पत्रकारों और साहित्यकारों को मिला सम्मान

बलिया: हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर श्रमजीवी पत्रकार यूनियन की ओर से बापू भवन टाउन हॉल में गोष्ठी व सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार शिव प्रसाद सिंह मुख्य अतिथि और साहित्यकार व प्रधानाचार्य शशि प्रेमदेव विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों को यूनियन की ओर से अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि शिव प्रसाद सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि आज के तकनीकी युग में पत्रकारिता अनेक चुनौतियों का सामना कर रही है। बावजूद इसके, समाज तक सटीक और सत्य जानकारी पहुंचाना ही एक सच्चे पत्रकार की पहचान है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को आज आर्थिक, सामाजिक और तकनीकी दबावों के बीच कार्य करना पड़ता है, फिर भी वे अपने दायित्वों का निर्वहन निष्ठा से कर रहे हैं। उन्होंने पत्रकारों से जनपद की समस्याओं और विकास से जुड़े मुद्दों को निर्भीकता से उठाने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि शशि प्रेमदेव ने कहा कि पत्रकारिता का दायित्व केवल खबर देना नहीं, बल्कि जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को निष्पक्ष रूप से उठाना भी है। उन्होंने पत्रकारों से अपील की कि वे समाज की आवाज बनें और दबे-कुचले वर्ग की समस्याओं को प्रमुखता से उजागर करें।
इस मौके पर यूनियन के जिलाध्यक्ष अनूप हेमकर ने कहा कि आज टेक्नोलॉजी के इस युग में पत्रकारों को भी समय के साथ कदमताल करनी होगी। वरिष्ठ पत्रकार डॉ. अखिलेश सिन्हा ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए कहा कि पत्रकारिता के स्वरूप में समय के साथ परिवर्तन आया है, लेकिन जनता की अपेक्षाएं आज भी पहले जैसी ही हैं।
कार्यक्रम में सुधीर ओझा, करूणा सिंधू सिंह, रोशन जायसवाल, ओंकार सिंह, धनंजय सिंह, प्रदीप शुक्ला, गिरीश तिवारी, मुकेश मिश्र, जेपी तिवारी, असगर अली, रवि सिन्हा, दिनेश गुप्ता, राजू दूबे, आलोक रंजन, प्रवीण पाण्डेय, अभिजीत सिंह, उपेन्द्र, राजकुमार, अमित सोनी और करूणेश पाण्डेय सहित अनेक पत्रकार मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने पत्रकारिता की गरिमा और मूल्यों को बनाए रखने का संकल्प लिया।





