- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Ballia: तेज़ रफ्तार ने...
Ballia: तेज़ रफ्तार ने ली मासूम की जान, पूर्व प्रधान समेत 24 पर केस दर्ज

बलिया: बांसडीह थाना क्षेत्र के हालपुर गांव में तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से 6 वर्षीय मासूम की मौत के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर विरोध जताया। इस दौरान पूर्व प्रधान सहित कई लोगों ने मुआवजे, सड़क पर डिवाइडर लगाने और न्याय की मांग की। घटना के बाद पुलिस ने पूर्व प्रधान समेत करीब दो दर्जन ग्रामीणों पर FIR दर्ज कर दी, जिसे लेकर बवाल खड़ा हो गया है।
FIR के विरोध में समाजवादी पार्टी के पूर्व मंत्री समेत कई नेताओं ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा और कहा कि यह कार्रवाई एकतरफा और दुर्भावनापूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क पर प्रदर्शन के समय भाजपा नेता भी मौजूद थे, लेकिन FIR सिर्फ सपा समर्थकों और ग्रामीणों पर की गई, जो साफ तौर पर राजनीतिक भेदभाव को दर्शाता है।
हालपुर गांव में तेज़ रफ्तार वाहन की चपेट में आने से एक मासूम की दर्दनाक मौत हो गई थी। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया और प्रशासन से मुआवज़े, पीड़ित परिवार को सहायता, और सड़क पर डिवाइडर लगाने की मांग की थी। लेकिन इसी प्रदर्शन को लेकर पुलिस ने पूर्व प्रधान समेत करीब दो दर्जन ग्रामीणों पर FIR दर्ज कर दी।
सपा के पूर्व मंत्री ने कहा कि "ग्रामीण शांतिपूर्वक न्याय की मांग कर रहे थे। लेकिन पुलिस ने राजनीति से प्रेरित होकर सिर्फ समाजवादी पार्टी से जुड़े लोगों को निशाना बनाया है। यह कार्रवाई पूरी तरह एकतरफा है।"
उन्होंने यह भी कहा कि कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है और पुलिस अब जनहित की बजाय राजनीतिक इशारों पर काम कर रही है। सपा नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि दर्ज FIR वापस नहीं ली गई, तो बड़ा आंदोलन छेड़ा जाएगा।
सपा प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए तत्काल प्रभाव से दर्ज एफआईआर वापस लेने, पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और सड़क सुरक्षा की उचित व्यवस्था करने की मांग की।





