उत्तर प्रदेश

Ballia: भव्य सद्भावना दौड़ 19 अप्रैल को होगी

Admindelhi1
29 March 2025 3:27 PM IST
Ballia: भव्य सद्भावना दौड़ 19 अप्रैल को होगी
x
राष्ट्रनायक चंद्रशेखर हॉफ मैराथन 2025 का खाका तैया

बलिया: राष्ट्रनायक चंद्रशेखर मैराथन समिति की बैठक में छठवें चंद्रशेखर हॉफ मैराथन 2025 की रूपरेखा तय कर दी गई। इस बार मैराथन का आयोजन 19 अप्रैल को होगा। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले धावक को एक लाख रुपये, द्वितीय को 51 हजार रुपये तथा तृतीय विजेता को 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा 25वें स्थान तक आने वाले सभी धावकों को भी पुरस्कृत किया जाएगा। चौथे स्थान पर रहने वाले को 15 हजार रुपये, पांचवें को आठ हजार रुपये, छठवें को चार हजार रुपये और सातवें स्थान के धावक को दो हजार रुपये का इनाम मिलेगा। आठवें से 21वें स्थान तक के धावकों को 1000 रुपये और 22वें से 25वें स्थान तक के विजेताओं को 500 रुपये नकद पुरस्कार मिलेगा। प्रतियोगिता में शामिल होने वाले सभी प्रतिभागियों को निःशुल्क परिधान, आवास एवं भोजन की सुविधा दी जाएगी।

बैठक सांसद नीरज शेखर के आवास चंद्रशेखर नगर झोपड़ी पर शुक्रवार को आयोजित की गई। इस दौरान धर्मेंद्र प्रताप ने बताया कि समिति प्रतिवर्ष युवा तुर्क चंद्रशेखर जी के जन्मदिवस को भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने के उद्देश्य से चंद्रशेखर हॉफ मैराथन सद्भावना दौड़ का आयोजन करती है। इस वर्ष भी 19 अप्रैल को यह दौड़ आयोजित होगी। डॉ. भवतोष पांडेय व प्रधान प्रतिनिधि उमेश सिंह ने जनपदवासियों से इस सद्भावना दौड़ में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। आयोजन का मुख्य उद्देश्य सामाजिक सौहार्द्र, समरसता एवं शांति का संदेश देना है।

बैठक में राघव सिंह ने कहा कि बलिया के गौरव, देश के पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर जी के आदर्शों एवं विचारों से प्रेरित होकर वर्ष 2016 में राष्ट्रनायक चंद्रशेखर मैराथन समिति का गठन हुआ। यह समिति चंद्रशेखर जी के विचारों और मूल्यों को आगे बढ़ाने के लिए पूरी तरह समर्पित है। उन्होंने कहा कि यह गर्व की बात है कि इब्राहिम पट्टी जैसे छोटे से गांव से निकलकर चंद्रशेखर जी ने देश के प्रधानमंत्री पद तक का सफर तय किया और बलिया को विश्व पटल पर पहचान दिलाई।

इससे पूर्व बैठक की शुरुआत चंद्रशेखर जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। बैठक में डॉ. प्रवीण सिंह, अखिलेश सिंह, किसान नेता संतोष सिंह, मनीष सिंह, परमात्मा यादव, रुस्तम अली, संजय सिंह, अनुराग श्रीवास्तव, अमित गिरि, सिद्धार्थ शंकर सिंह, अदालत सिंह, कमलेश सिंह, अमित सिंह, कृष्णकांत यादव, सुधीर सिंह, शिवानंद शाह, डॉ. रामप्रकाश, समरबहादुर सिंह, रोशन सिंह, गुरुदेव सिंह, अनुप सिंह, आशुतोष सिंह, विवेक सिंह, भवतोष पांडेय, नितेश सिंह, अजय सिंह, धीरेन्द्र राय, सर्वेश सिंह, रजनीश प्रताप सिंह, संजीव श्रीवास्तव, मनीष कुमार सिंह, गुड्डु तिवारी आदि उपस्थित रहे।

बैठक की अध्यक्षता सुधीर कुमार सिंह एवं संचालन मनोज शर्मा ने किया। अंत में समिति के सचिव उपेंद्र सिंह ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।

Next Story