- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Ballia: गंगा की लहरों...
Ballia: गंगा की लहरों का कहर, गांवों में घुसा बाढ़ का पानी

बलिया: चंबल घाटी और माताटीला डैम से पानी छोड़े जाने के बाद गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। रविवार को भी नदी की लहरें और उफान पर रहीं, जिससे एनएच-31 के दक्षिणी इलाकों में बसे लोगों में दहशत का माहौल है। चैन छपरा, उदवंत छपरा, राजपुर, नेम छपरा, हासनगर, नंदपुर, बादिलपुर, पोखरा और गायघाट गांवों में तेजी से बाढ़ का पानी फैलता जा रहा है। हल्दी और भरसौता गांवों में भी पानी ने रफ्तार पकड़ ली है।
ग्रामीणों ने सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन शुरू कर दिया है। कई लोग अपने रिश्तेदारों के यहां शरण ले रहे हैं। बाढ़ के पानी ने किसानों की सैकड़ों एकड़ में बोई गई खरीफ फसल को तबाह कर दिया है। इससे न केवल परिवारों के सामने भोजन का संकट खड़ा हुआ है, बल्कि मवेशियों के लिए चारे की भी भारी कमी हो गई है।
बाढ़ से सबसे ज्यादा परेशानी तब होती है जब किसी बुजुर्ग, बच्चे या व्यक्ति की तबीयत बिगड़ती है। ऐसे में अस्पताल पहुंचने का एकमात्र साधन नाव है, लेकिन अब तक प्रशासन की ओर से किसी भी गांव में नाव की व्यवस्था नहीं की गई है। इसको लेकर ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से तत्काल नावों की व्यवस्था कराने की मांग की है।
उधर, सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के बाढ़ खंड बलिया द्वारा मुनादी और अन्य प्रचार माध्यमों से लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी जा रही है। किसी भी आपात स्थिति में लोग बाढ़ नियंत्रण कक्ष, बलिया के हेल्पलाइन नंबर 8874194325 पर संपर्क कर सकते हैं।





