- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Ballia: खुद को बैंक...

बलिया: कोटवारी गांव में एक युवक ने खुद को बैंक का रिकवरी ऑफिसर बताकर गांव के कई लोगों से 78 हजार रुपये की ठगी कर डाली। मामले के खुलासे के बाद पीड़ितों ने मुख्यमंत्री को शिकायती पत्र भेजकर न्याय और ठगी की गई रकम की वापसी की मांग की है।
कोटवारी निवासी लालचंद ने अपने पत्र में बताया कि उनके पुत्र देवानंद ने यूपी ग्रामीण बैंक कोटवारी शाखा से ऋण लिया था। 22 फरवरी 2024 को एक युवक गांव पहुंचा और खुद को बलिया स्थित बैंक के रिकवरी विभाग का अधिकारी बताते हुए कहा कि लोन समय पर जमा न करने पर रिकवरी सर्टिफिकेट (RC) जारी हो जाएगा, जिससे कानूनी कार्रवाई हो सकती है। उसने यह भी कहा कि अभी बैंक में छूट चल रही है और कम पैसे में "नो ड्यूज सर्टिफिकेट" दिलवा सकता है।
लालचंद के अनुसार, युवक ने देवानंद समेत गांव के रमई, गणेश, हरेराम और सुनीता से कुल 78 हजार रुपये वसूल लिए। पहले वह मार्च 2025 में नो ड्यूज प्रमाण पत्र देने का वादा करता रहा, लेकिन अब पैसे मांगने पर धमकी देने लगा है। पीड़ितों का आरोप है कि आरोपी ने गांव के अन्य गरीब और अशिक्षित लोगों से भी करीब दो लाख रुपये की ठगी की है।
पीड़ितों ने प्रशासन से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और उनकी मेहनत की कमाई वापस दिलवाने की मांग की है। मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।





