- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Ballia: पूर्व सांसद ने...
Ballia: पूर्व सांसद ने उठाई रेलवे यार्ड व दुग्ध केंद्र की मांग

बलिया: पूर्व सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त ने क्षेत्रीय विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी देते हुए कहा कि बकुलहा रेलवे स्टेशन के पास खाली पड़ी रेलवे भूमि पर यार्ड निर्माण के लिए उन्होंने रेल मंत्री को पत्र भेजा है। उन्होंने आग्रह किया है कि उनके सांसद रहते जो प्रस्ताव उन्होंने प्रस्तुत किया था, उसे अब स्वीकृति दी जाए। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि उस समय रेल मंत्री ने मौखिक सहमति दी थी।
रविवार को सोनबरसा स्थित अपने कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान पूर्व सांसद ने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चयनित सुरेमनपुर स्टेशन पर स्वीकृत परियोजनाओं को शीघ्र पूर्ण कराने के लिए उन्होंने रेलवे के सीईओ से अनुरोध किया है। उन्होंने भरोसा जताया कि आगामी कुछ महीनों में सुरेमनपुर स्टेशन के सभी कार्य पूरे कर यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
पूर्व सांसद ने दुग्ध उत्पादन को लेकर क्षेत्र की समस्या पर ध्यान आकृष्ट करते हुए कहा कि गांव-गांव में सहकारी दुग्ध क्रय केंद्र खोले जाने चाहिए। इस संबंध में उन्होंने सहकारिता मंत्री को पत्र भेजा है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के पशुपालक प्रतिदिन 75,000 लीटर से अधिक दूध बिहार की डेयरियों को बेचते हैं, लेकिन उचित मूल्य नहीं मिल पाता। अगर सरकारी स्तर पर दुग्ध क्रय केंद्र खुलते हैं, तो पशुपालकों को सीधा लाभ होगा।
उन्होंने बताया कि उनके प्रयासों से क्षेत्र में मोटे अनाज, विशेषकर गरमा मक्का की खेती को प्रोत्साहन मिला है, जिससे किसान काफी उत्साहित हैं। आने वाले दिनों में इसकी खेती का रकबा और बढ़ेगा।
शिवपुर घाट के विकास को लेकर पूर्व सांसद ने बताया कि नमामि गंगे योजना के तहत सिंचाई विभाग द्वारा वहां पर 10 करोड़ रुपये की लागत से पक्का घाट, स्नानार्थियों के कपड़े बदलने का स्थान, बैठने के लिए बेंच सहित अन्य सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। यह कार्य प्रगति पर है और जल्द ही पूरा हो जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि पचरुखिया, सरेया समेत दो अन्य स्थलों का चयन भी उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान करवाया था, जहां पर भी पक्के घाटों का निर्माण शीघ्र शुरू किया जाएगा।





