- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Ballia: ठगी के आरोप...

बलिया: निवेश के नाम पर बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। बांसडीह रोड थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव निवासी अनिल कुमार तुरहा की तहरीर पर पुलिस ने जनबंधन निधि लिमिटेड कंपनी के निदेशक, ब्रांच मैनेजर समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि इन लोगों ने 232 लोगों से कुल 56 लाख 44 हजार 580 रुपए की ठगी की।
जानकारी के अनुसार, अनिल कुमार रोजगार के सिलसिले में देहरादून गए थे, जहां उनकी मुलाकात जनबंधन निधि लिमिटेड के ब्रांच मैनेजर जोगेंद्र भारवाल से हुई। जोगेंद्र ने अनिल को कंपनी के निदेशक संजीत यादव, कमल सिंह राणा, विमल यादव और सीमा यादव से मिलवाया। कंपनी ने उन्हें एफडी, एमआईएस और डेली डिपॉजिट जैसी योजनाओं के साथ-साथ कम समय में रकम दोगुना करने का लालच देकर एजेंट बना दिया।
अनिल ने एजेंट बनने के बाद अपने रिश्तेदारों व जान-पहचान के करीब 232 लोगों से बड़ी राशि जमा कराई। जब निवेशकों को मैच्योरिटी पर रकम नहीं मिली और अनिल ने कंपनी से भुगतान की मांग की, तो उसके साथ मारपीट कर वहां से भगा दिया गया। इसके बाद अनिल ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया।
एसीजेएम कोर्ट के आदेश पर बांसडीह रोड थाने में पांचों आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। थानाध्यक्ष अजय पाल ने बताया कि न्यायालय के निर्देश के अनुसार केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।





