उत्तर प्रदेश

Ballia: सड़क जाम मामले में 23 नामजद, 40 अज्ञात पर एफआईआर

Admindelhi1
25 Jun 2025 7:10 PM IST
Ballia: सड़क जाम मामले में 23 नामजद, 40 अज्ञात पर एफआईआर
x

बलिया: बांसडीह कोतवाली क्षेत्र में सड़क हादसे के बाद हुए जाम को लेकर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। बालक की मौत के बाद सड़क जाम करने के मामले में पुलिस ने पूर्व प्रधान सहित 23 नामजद और 40 अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

दरअसल, हालपुर गांव निवासी अंजनी साहनी के छह वर्षीय पुत्र आयुष की सोमवार को बोलेरो वाहन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई थी। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने बांसडीह-मनियर मुख्य मार्ग को चार घंटे तक जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित रहा और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

ग्रामीणों की मांग थी कि मृतक परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए और दुर्घटनास्थल पर स्पीड ब्रेकर का निर्माण कराया जाए।

इस मामले में पुलिस ने सब इंस्पेक्टर सुबेदार यादव की तहरीर और घटनास्थल की वीडियोग्राफी के आधार पर हालपुर निवासी पूर्व प्रधान यशराम सिंह, रोहित साहनी, राजाराम, छोटेलाल, रिंकू, अशोक, रंजीत, मकुनी, रामजी, बत्तख, लल्लू, उमेश, वकील, सूरज, राजू, सन्नी, विकास, सरिता देवी, सुभावती देवी, विजंती देवी, शकुंतला देवी, ओमप्रकाश मिश्र और देवेंद्र साहनी के खिलाफ नामजद रूप से मुकदमा दर्ज किया है।

इसके साथ ही 40 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। सभी पर सरकारी कार्य में बाधा, राज्य मार्ग को अवरुद्ध करने, लोकसेवकों के कार्य में बाधा उत्पन्न करने, विधि विरुद्ध जमाव, प्रशासन विरोधी नारेबाजी सहित कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है।

कोतवाल संजय सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और सभी आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Next Story